Breaking News

5 लाख का इनामी नक्सली राम बाबू राम गिरफ्तार:जोनल कमांडर रामबाबू पासवान भी पकड़ा गया

STF की टीम ने वांटेड और कुख्यात नक्सली रामबाबू राम उर्फ राजन जी उर्फ प्रहार को गिरफ्तार किया है। रामबाबू राम पर बिहार सरकार ने 5 लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा है। रामबाबू राम प्रतिबंधित नक्सल संगठन भाकपा (माओवादी) का सक्रिय सदस्य है और पश्चिमी जोनल कमिटी (नार्थ बिहार) का सचिव है। इस इनामी नक्सली को पकड़ने के लिए बिहार STF की टीम ने सारण और मुजफ्फरपुर जिले के बीच गंडक नदी के दियारा इलाके में बड़ा ऑपरेशन चलाया। टीम ने इस कुख्यात के साथी और संगठन के जोनल कमांडर रामबाबू पासवान उर्फ धीरज को भी गिरफ्तार किया है। इन दोनों नक्सलियों के पकड़े जाने की पुष्टि गुरुवार को बिहार STF की तरफ से की गई है। सूत्रों की माने तो दियारा इलाके में अब भी सर्च ऑपरेशन जारी है।

40 से अधिक केस हैं दर्ज
नक्सली रामबाबू राम पूर्वी चंपारण के मधुबन में एक्टिव रहा है। रामबाबू राम का आपराधिक इतिहास 22 साल से अधिक पुराना है। साल 2019 में इसने चकरबंधा में CRPF के कोबरा बटालियन के एक सब इंस्पेक्टर की हत्या कर दी थी। वैसे इस कुख्यात नक्सली के उपर 40 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज है। पकड़े जाने के बाद इससे पूछताछ होगी। इसके संगठन और उससे जुड़े नक्सलियों के बारे में जानकारी हासिल करने की कोशिश की जा रही है।

2021 में संपत्ति जब्त कर चुकी है ED
नक्सली रामबाबू राम पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी अपना शिकंजा कस चुकी है। करीब 40 लाख 23 हजार रुपए मूल्य की संपत्ति को जब्त कर चुकी है। यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत की गई थी। इसमें नक्सली और उसके परिवार की कुल 8 अचल संपत्ति है। इसमें मधुबन में रामबाबू की पत्नी सुनीता देवी, उसकी मां माया देवी, दो भाइयों संजय राम और श्याम बाबू राम के नाम पर दो मकान शामिल था। इसके अलावा चकिया और शिवहर में जमीन के 6 प्लॉट और उस पर बने मकान शामिल थे।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.