Breaking News

च्युइंग गम लेने आए दो लोग, महिला की छीनी चेन:मुजफ्फरपुर में हथियार दिखाकर की लूटपाट, गल्ले में रखे कैश भी ले गए

मुजफ्फरपुर में बुधवार को बाइक सवार दो लोग च्युइंग गम लेने के बहाने किराना दुकान में घुस गया। काउंटर पर बैठी महिला को हथियार दिखाकर गले से सोने की चेन छीन ली। साथ ही गल्ले में रखे कैश निकाल लिए। इसके बाद बाइक से फरार हो गए। मामला जिले के सदर थाना क्षेत्र के सहजानंद कॉलोनी का है।

मोहल्ले में लगे एक सीसीटीवी में एक युवक आता भी दिखा है। महिला का कहना है कि उस युवक ने ही घटना को अंजाम दिया है। महिला ने सदर थाना की पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची सदर थाना की पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। पीड़िता से घटना के संबंध में जानकारी ली। पीड़िता ने बताया कि उनका नाम चंद्रकला देवी है। वे सहजानंद कॉलोनी में रहती है। वहीं पर उनका किराना दुकान भी है। सुबह से ही दुकान खोलकर बैठी थी। बेटा खाना खाने गया था इसी दौरान एक बाइक से दो युवक आए और बोले कि च्युइंग गम लेना है।

महिला ने कहा कि जब तक मैं पीछे घूमी तब तक दुकान के अंदर प्रवेश कर गए। गले से सोने की चेन छीन ली। कैश काउंटर में रखे करीब दो हजार भी ले लिए फिर, मौके से भाग निकले। दूसरा अपराधी चिल्लाने पर बोला कि गोली मार देंगे तो मैं डर से चुप हो गई। दोनों फरार हो गए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

अपराधियों की पूरी करतूत सीसीटीवी में कैद हो गई। घटना को लेकर सदर थानेदार सत्येंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। महिला का बयान भी दर्ज कराया जा रहा है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.