मुंगेर में मंगलवार की सुबह शौच करने जा रहे एक रिटायर्ड कैप्टन संजय कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शंकरपुर की है। संजय कुमार 2019 में कैप्टन पद से झांसी से रिटायर्ड करने के बाद मुंगेर में रह रहे थे। वो यहां अपने परिवार के साथ खेती से जुड़े थे। हत्या की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि संजय के घर के आगे ही एक सड़क को लेकर कुछ दिनों से विवाद चल रहा था।
सदर डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि हत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। इधर, परिजनों के अनुसार, मंगलवार सुबह जब संजय कुमार अपने घर के पीछे वाले गेट से आम के बगीचे की तरफ शौच करने गए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उनके सिर में गोली मार दी। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया है। यह घटना रास्ता विवाद से जुड़ा हुआ माना जा रहा है।

मृतक के बड़े भाई राजेश यादव ने बताया कि सुबह जब उन लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनी तो सभी घर से निकलकर बाहर पहुंचे। उन्होंने देखा कि आम के बगीचे में उनका छोटा भाई गिरा हुआ है। तभी परिजनों द्वारा इस घटना की जानकारी पुलिस को दी गई है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। रिटायर्ड कैप्टन की हत्या किसने की, यह नहीं पता चल रहा पा रहा है। मृतक अपने पीछे पत्नी सहित दो लड़के एवं दो लड़की को छोड़ गए हैं।



Leave a Reply