Breaking News

तैयारियों का जायजा लेने पहुंची राज्य की 3 सदस्यीय टीम:एमसीएच में मिलीं खामियां

एसकेएमसीएच में मातृ-शिशु हॉस्पिटल (एमसीएच) का मूल्यांकन केंद्रीय टीम को करना है। इससे पहले तैयारियों का जायजा लेने लक्ष्य की राज्यस्तरीय 3 सदस्यीय टीम सोमवार को पहुंची। इस दौरान टीम को एमसीएच भवन मानक के अनुरूप नहीं मिला। लेबर रूम में बेड की भी कमी मिली। इसपर टीम ने कहा कि भवन में वार्ड छोटे-छोटे हैं। मानक के अनुरूप वार्ड बड़े होने चाहिए। लेबर रूम में बेड की कमी है। इसे बढ़ाने की जरूरत है नहीं तो प्रसव के लिए गर्भवती कैसे आएंगी। उनकी वेटिंग बढ़ती जाएगी। इससे उन्हें परेशानी हो सकती है। टीम ने कहा कि बेड बढ़ाए जाने व कमियों को दूर करने के बाद लक्ष्य की केंद्र स्तरीय टीम को मूल्यांकन के लिए बुलाया जाएगा।

टीम ने एमसीएच में सफाई से लेकर इलाज की व्यवस्था, लेबर रूम व ओटी का जायजा लिया। भर्ती मरीज से भी बातचीत की। इससे पहले अधीक्षक कार्यालय के सेमिनार हॉल में टीम के सदस्यों ने एमसीएच के डॉक्टर व नर्स से मुलाकात की। टीम के डॉ. अबोली गोरे ने कहा कि यहां के डॉक्टर से लेकर कर्मियों की मेहनत की बदौलत लक्ष्य का मूल्यांकन संभव होगा। डॉ. एके पालीवाल ने बताया कि सदर अस्पताल के एमसीएच के मूल्यांकन होने पर सिर्फ मरीजों को फायदा होता है जबकि मेडिकल कॉलेज में होने पर मरीज और मेडिकल के छात्रों को फायदा मिलता है। मौके पर अस्पताल अधीक्षक डॉ. दीपक कुमार, उपाधीक्षक डॉ. गोपाल शंकर साहनी, डॉ. सतीश कुमार, स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ. आभा रानी सिन्हा, नोडल ऑफिसर डॉ. तृप्ति सिन्हा, डॉ. पूजा सिन्हा आदि मौजूद थे।

डॉक्टर ने कहा- अभी प्रसव में समय है, बेड पर पहुंचते बच्चे को दिया जन्म

इधर, सोमवार को जूरन छपरा स्थित केजरीवाल हॉस्पिटल से एक गर्भवती को एसकेएमसीएच रेफर किया गया था। वहां डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड देखकर बताया कि प्रसव में अभी समय है। महिला ने तेज दर्द होने के बात कही तो डॉक्टर ने उसे भर्ती कर लिया। ट्रॉली से बेड तक पहुंचते ही महिला ने बच्चे को जन्म दे दिया। जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। महिला सरैया थाना के सहधनी निवासी अनिल पासवान की पत्नी रेखा देवी शुक्रवार को केजरीवाल हॉस्पिटल में भर्ती हुई थी। स्थिति बिगड़ने पर उसे एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया था। उसके पति ने बताया कि महिला का 3 बार अल्ट्रासाउंड कराया गया था जिसमें तीनों में गर्भ में करीब 6-8 महीना का बच्चा बताया गया था। वहीं, महिला ने डॉक्टर को बताया था कि वह 9 महीने की गर्भवती है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.