Breaking News

बिहार के 31 जिलों में आंधी का यलो अलर्ट:बिहार में बारिश का सिस्टम एक्टिव

बिहार में रविवार को पटना सहित 31 जिलों में बारिश की स्थिति बन सकती है। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। मौसम विभाग ने इन जिलों में गरज और आकाशीय बिजली के साथ आंधी को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटों में सीवान सबसे गर्म जिला रहा है। यहां का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इधर, पिछले दो दिनों में पटना के अधिकतम तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया था, जाे शनिवार को 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रदेश के 17 जिलों में 110 एमएम बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश अररिया में 23.2 एमएम हुई है। बारिश की वजह से दिन और रात का तापमान सामान्य के करीब या उससे चार डिग्री कम तक रिकाॅर्ड किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक, बारिश के प्रभाव से दिन का तापमान 34 से 38 डिग्री और रात में 20 से 24 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। शनिवार की सुबह आरा में ठकना गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं अररिया जिले के सिकटी प्रखंड में शुक्रवार की रात बारिश के दौरान ओलावृष्टि भी हुई।

नालंदा में बारिश के बाद लोगों को गर्मी से मिली राहत।

नालंदा में बारिश के बाद लोगों को गर्मी से मिली राहत।

सोमवार को पटना सहित कई जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार यानी 24 अप्रैल को पटना सहित राज्य के अधिकतर जिलों में ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और गरज के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इससे अधिकतम तापमान में कमी आने की संभावना है।

इन जिलों में आज आ सकती आंधी, यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने 31 जिलों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के साथ गरज और आकाशीय बिजली को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। जिसमें पूर्वी पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, पटना, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, गया, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, जमुई, नवादा, मुंगेर, खगड़िया, बांका, भागलपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, सुपौल, कटिहार और किशनगंज शामिल हैं।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.