Breaking News

पटना में चेन-मोबाइल स्नैचिंग से डरे मॉर्निंग वॉकर्स:ज्वेलरी-गैजेट्स छोड़ पहुंचते हैं पार्क

राजधानी पटना में मार्निंग वॉक करने वाले लोग सेफ फील नहीं करते। लोगों का कहना है कि वे जब सुबह घुमने निकलते हैं तो असामाजिक तत्वों से डर लगता है। यहां तक की पुलिस भी पेट्रोलिंग पर नहीं रहती।

इस मामले को लेकर पटना के गांधी मैदान, जू, इको पार्क, एसके पुरी पार्क और श्री कृष्णा नगर पार्क में पहुंची और मार्निंग वॉक पर आए लोगों से बातचीत की।

लोगों ने बताया कि मॉर्निंग वॉक के दौरान वे अपना मोबाइल, घड़ी, सोने की चेन और अन्य गैजेट्स घर पर छोड़कर आते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि उन्हें डर है कि कहीं उनके साथ कहीं छिनतई न हो जाए।

भास्कर के साथ बातचीत में लोगों ने कहा कि पटना पुलिस को पेट्रोलिंग बढ़ानी चाहिए। उनकी सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए। हालांकि, इस दरम्यान कई पार्कों और गांधी मैदान के बाहर पटना के थानों की पुलिस टीम नदारद मिली। पेट्रोलिंग गाड़ी दिखी नहीं।

बता दें कि पटना में चेन और मोबाइल स्नैचिंग की वारदातें बढ़ गई हैं। ऐसे में बात मॉर्निंग वॉक की हो या दिन और दोपहर या शाम। पटनावासी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहे हैं। सभी को सड़क पर पैदल चलते वक्त मोबाइल से बात करने मे भी डर लगने लगा है।

मंजू देवी।

मंजू देवी।

बाइकर्स से सबसे ज्यादा डर
बाकरगंज की मंजू देवी बताती हैं कि वे काफी सालों से यहां सुबह वॉकिंग पर आ रही हैं। गांधी मैदान से उनका घर चंद दूरी पर, लेकिन उसके बावजूद घर से निकलने से पहले अपना मोबाइल और अपने गले में पड़ी सोने की चेन खोलकर टहलने निकलती हैं। उन्होंने बताया कि उनकी एक दोस्त के चेन स्नैचिंग की घटना हो चुकी है। उसके बाद अब उन्हें भी डर लगने लगा है।

सोनाली।

सोनाली।

वहीं, मंजू के साथ वॉक कर रही सोनाली बताती हैं कि सुबह-सुबह घर से निकलकर गांधी मैदान पहुंचने तक उन्हें कहीं से सेफ फील नहीं होता। सड़क पर चलने के दौरान उन्हें सबसे ज्यादा डर स्पीड में चल रहे बाइकर्स से लगता है। मौका देखकर ये बाइकर्स समानों को झपट्टा मारकर भाग जाते हैं। ऐसी घटनाओं से कई महिलाएं डरी हुईं रहती हैं और पुलिस कहीं नजर नहीं आती।

पेट्रोलिंग पर निकली पुलिस की जिप्सी घंटों खड़ी रहती…चोर अपना काम करके निकल जाते
मॉर्निंग वॉक पर निकले बसंत कुमार ने बताया कि ज्यादातर मामलों में सुबह-सुबह टहलने वाले ज्यादातर लोग मोबाइल, घड़ी और गले में सोने की चैन पहनकर निकलने में परहेज करते हैं। पटना के हालात ऐसे हो गए हैं कि जो लोग सुबह बाइक से गांधी मैदान पहुंचते हैं, उनकी बाइक भी चोरी कर लिए जाते हैं। ऐसी घटनाएं कई बार सामने आ चुकी है। महिलाओं को सुबह सबसे ज्यादा डर रहता।

बसंत कहते हैं कि सुबह-सुबह कहीं-कहीं उन्हें पुलिस की जिप्सी तो जरूर दिखती है। कई बार तो पेट्रोलिंग पर निकली जिप्सी घंटों तक एक ही जगह पर खड़ी रहती हैं और अपराधी अपना काम करके आराम निकल जाते हैं। ऐसा लगता है कि यहां पेट्रोलिंग करने वाले पुलिसिया वाहन की कमी है।

गांधी मैदान के अंदर सेफ…बाहर रहता डर
वहीं, सुबह-सुबह पटना के गांधी मैदान में मॉर्निंग वॉक करने पहुंचे नरेश ने बताया कि गांधी मैदान के अंदर मॉर्निंग वॉक करने वाले लोग सेफ है पर घर से गांधी मैदान आने के दौरान वह खुद को अनसेफ फील करते हैं। यह एक बहुत बड़ी समस्या है । पटना के गांधी मैदान और उसके आसपास सुबह-सुबह पेट्रोलिंग भी कम होती है। जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ता है ।

मिलनी चाहिए सुरक्षा
इको पार्क में मॉर्निंग वॉक करने पहुंची वीणा चावला और रीना कहती हैं कि शहर के लोगों को पुलिस की सुरक्षा तो मिलनी ही चाहिए। वो भी पुख्ता तौर पर। दोनों महिलाओं ने कहा कि सोने की चेन पर अपराधियों की नजर इसलिए होती है कि उसे बेचने पर उन्हें काफी रुपए मिल जाते हैं। इसे पहनकर लोग भी अपराधियों को इनवाइट कर रहे हैं और नुकसान खुद का कर रहे हैं। हमें अपनी सुरक्षा खुद करनी होगी। क्योंकि पुलिस की सुरक्षा हमें हर जगह पर नहीं मिल सकती है।

सरकार को करनी चाहिए पहल
राकेश चंद्र अग्रवाल कहते हैं कि अक्सर इस तरह कि आपराधिक वारदातों के बारे में वो सुनते हैं। खास करके अपराधी महिलाओं को निशाना बनाते हैं, क्योंकि भारतीय सभ्यता के अनुसार महिलाओं का गला कभी खाली नहीं रहना चाहिए। इसलिए कम से कम सोने की चेन जरूर पहनती हैं। जिसे अपराधी टारगेट करते हैं। इस तरह की वारदातों को रोकने के लिए राज्य सरकार को पहल करनी चाहिए।

अपराधी मॉर्निंग वॉक करने वाले सीनियर सिटीजन को भी टारगेट करते हैं। अधिकांश लोग सुबह 4 बजे से ही मॉर्निंग वॉक के लिए निकल जाते हैं। उस समय अंधेरा ही रहता है। इस टाइम में पुलिस के सुरक्षा की जरूरत है। इको पार्क और जू सेफ जोन में है। इसलिए यहां इस तरीके की वारदात नहीं होती है, लेकिन गंगा पथ सुरक्षित नहीं है। वहां भी लोग मॉर्निंग वॉक करने जाते हैं। पटना के जिस एरिया में भी लोग मॉर्निंग वॉक करने जाते हैं, वहां सुरक्षा के बेहतर इंतजाम होने चाहिए। पुलिस को पेट्रोलिंग बढ़ाना चाहिए।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.