प्रयागराज: अतीक अहमद और उसके भाई खालिद अजीम उर्फ अशरफ की शूटआउट में हत्या के बाद उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में धारा 144 लागू कर दी गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं. उनका पूरा ध्यान इस घटना के आलोक में राज्य की कानून-व्यवस्था को सुचारू रखने पर है. उन्होंने यूपी डीजीपी समेत तमाम आला अधिकारियों को प्रयागराज जाने के निर्देश दिए हैं और हर 2 घंटे पर अपडेट देने के लिए कहा है. दोनों डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य के सभी कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए हैं और उनके आवासों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
इस बीच अतीक अहमद और उसके भाई खालीद अजीम उर्फ अशरफ के शवों का पोस्टमार्टम आज कड़ी सुरक्षा के बीच कराया गया. मोर्चरी में 5 डॉक्टरों का पैनल पोस्टमार्टम करेगा और मजिस्ट्रेट के सामने इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी हुई. पोस्टमार्टम के बाद पुलिस की कोशिश है कि दोनों के शवों आज ही दफन कर दिया जाए. आज देर शाम प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जा सकता है. चकिया में उस जगह जहां अतीक और अशरफ को दफनाया जाएगा, वहां पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी मात्रा में आरएएफ बल तैनात हैं. पीएसी तैनात है, डीसीपी के नेतृत्व में ये किया जा रहा है. पूरे क्षेत्र में 4000 से ज्यादा कांस्टेबल तैनात हैं.
वहीं असद एनकाउंटर मामले के तार नासिक से जुड़ रहे हैं. अतीक व अशरफ की हत्या के बाद यूपी एसटीएफ की टीम नासिक पहुंची है. यहां से पूछताछ के लिए एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है. यूपी एसटीएफ और नासिक क्राइम ब्रांच ने संयुक्त कार्रवाई की है. पुलिस सूत्रों ने बताया कि गुड्डू मुस्लिम नासिक में पनाह लिए हुए है, ऐसा इनपुट मिला है. अशरफ ने हत्या से पहले गुड्डू मुस्लिम का नाम लिया था. हिरासत में लिया गया संदिग्ध नासिक के एक निजी होटल में वेटर है. एसटीएफ को गुड्डू सैयद और हिरासत में लिए गए संदिग्ध के बीच फोन पर बातचीत की जानकारी मिली है. देर रात तक एसटीएफ की टीम ने पड़ताल शुरू की.
गौरतलब है कि गैंगस्टर से नेता बने अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की प्रयागराज में मेडिकल कॉलेज के पास शनिवार देर रात हुई गोलीबारी में मौत हो गई. अतीक और उसके भाई को मेडिकल के लिए ले जाया जा रहा था, जहां मीडिया के सामने ही तीन लोगों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी. ये पूरी वारदात कैमरे में भी रिकॉर्ड हुई है. अतीक अहमद को उसके भाई के साथ मेडिकल के लिए रात 10.33 बजे ले जाया जा रहा था तभी भगदड़ मची और पहले अतीक और फिर अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई. रात 10.36 मिनट पर इन दोनों की मौत की पुष्टि हुई है.
बता दें गुरुवार को अतीक अहमद के बेटे असद अहमद की झांसी में पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई थी. यूपी एसटीएफ की एक टीम ने असद अहमद के साथ ही उसके साथी मोहम्मद गुलाम को भी मार गिराया था. इन दोनों को शनिवार को ही सुपुर्द-ए-खाक किया गया था. हालांकि अतीक अहमद को इसमें शामिल होने की इजाजत नहीं मिली थी जिसके चलते वह काफी दुख हो गया था. प्रयागराज के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट दिनेश गौतम की अदालत ने उमेश पाल हत्या मामले में गुरुवार को अतीक और अशरफ को 13 अप्रैल से 17 अप्रैल तक के लिए पुलिस रिमांड में भेज दिया था.
अतीक और अशरफ अहमद को देखने के लिए पहुंचे रिश्तेदार, महिलाएं और बच्चे भी मौजूद
अतीक और अशरफ अहमद को आखिरी बार देखने के लिए उनके रिश्तेदार कसारी-मसारी कब्रिस्तान पहुंच रहे हैं. इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं.



Leave a Reply