बैंक की शाखाएं लाॅकडाउन से पूर्व की तरह
ग्राहकों को देगी अपनी सेवाएं- उपमुख्यमंत्री
पटना 28.03.2020
उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि राज्य में कार्यरत बैंक की सभी शाखाएं लाॅकडाउन से पूर्व की तरह यथावत ग्राहकों को सेवा प्रदान करेंगी। कुछ जिलों में गलतफहमी के कारण बैंक शाखाओं को सप्ताह में दो दिन बंद करने का निर्णय स्थानीय स्तर पर ले लिया गया था, साथ ही बैंकों ने पूरे राज्य में बैंकिंग अवधि 10 से 02 बजे तक सीमित कर दिया था। बैंक प्रबंधन से कहा गया है कि सभी शाखाएं यथावत अपनी सेवा सप्ताह के सभी कार्यदिवस में 10 से 04 बजे तक जारी रखें।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा 17 हजार बैंक मित्रों के जरिए सभी ग्राहक सेवा केन्द्र भी ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराते रहेंगे क्योंकि बैंकिंग सेवाओं को लाॅकडाउन में मुक्त रखा गया है। आने वाले दिनों में बैंकों के जरिए ही राज्य व केन्द्र सरकार द्वारा घोषित राहत पैकेज की अरबों की राशि डीबीटी के जरिए लाभार्थियों के खाते में भेजी जानी है।
बैंकों ने आश्वस्त किया है कि उनकी शाखाओं और एटीएम में कैश की कोई कमी नहीं है। बैंक नकद जमा, निकासी, चेक क्लीयरेंस व रैमिंटेंस आदि कार्य पूर्ववत करते रहेंगे। ग्राहकों से आग्रह है कि वे अत्यधिक आवश्यकता की स्थिति में ही बैंक की शाखाओं में जाएं और यथासंभव मोबाइल, इंटरनेट व आॅनलाइन बैंकिंग,डिजिटल माध्यम तथा एटीएम का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें।







Leave a Reply