बीते चार दिनों से जिले के आमस प्रखंड के करमडीह पंचायत के सरपंच के लापता चल रहे 16 वर्षीय बेटे का कोई भी सुराग पुलिस अब तक नहीं ढूंढ सकी है। एसडीआरएफ व डॉग स्कवायड की टीम भी निराश होकर लौट गई है। पुलिस इस मामले को कई एंगल से जांच कर रही है पर कहीं से कोई लीड उसे नहीं मिल रही है। इसकी वजह से उसे कोई कामयाबी नहीं मिल सकी है।
सरपंच के घर का हाल बुरा है। सुबह से शाम तक मायूसी पसरी है। अब तक ऊहापोह की स्थिति में जी रहे करमडीह के लोग आज सड़क पर भी उतर गए हैं। चंडी स्थान के व्यापारियों ने सरपंच के बेटे की सकुशल बरामदी की मांग को लेकर बाजार बंद कर दिया है। आज बाजार नहीं खुले हैं।
पहाड़पुर डैम के पास मिली विकास की चप्पल
गौरतलब है कि बीते गुरुवार से ही सरपंच वैजयंती देवी का लड़का विकास कुमार लापता है। घरवालों के मुताबिक वह गुरुवार की सुबह करीब चार बजे से लापता है। काफी छानबीन के बाद भी जब विकास का कहीं कुछ भी पता नहीं चला तो घरवालों ने आमस थाने में गुमशुदगी का केस दर्ज कराया। केस दर्ज होते ही पुलिस भी छानबीन में जुट गई। एसडीआरएफ की टीम भी बुलाई गई।
शनिवार को डॉग स्क्वायड की टीम भी बुलाई गई थी। लेकिन किसी के हाथ कोई सफलता हासिल नहीं हुई। हालांकि छानबीन के दौरान पहाड़पुर डैम के निकट विकास की चप्पल बरामद हुई थी। इसके अलावा अब तक पुलिस कोई भी जानकारी हासिल नहीं हो सकी है। सरपंच के घर के लोग गहरे सदमे में हैं। विकास नौवीं कक्षा का छात्र है।
सरपंच के बेटे के नहीं मिलने से इलाके के लोग भी दुखी हैं। उन्होंने चंडी स्थान बाजार को नए साल के दूसरे दिन बंद रखा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है विकास की सकुशल बरामदगी करें। इधर थानाध्यक्ष अरविंद किशोर का कहना है कि पुलिस अपने ओर से हर संभव कोशिश कर रही है। हर एक बात पर गौर करते हुए पुलिस की टीम दिन रात तलाश में जुटी है।



Leave a Reply