Uncategorized

सावधान! 3 दिन में 6 डिग्री बढ़ जाएगा तापमान, 47 डिग्री तक पहुंच जाएगा पारा

3 दिनों से राज्य के अलग-अलग स्थानों पर हुई हल्की बारिश और नमी युक्त हवा के कारण थोड़ा ठंडा पड़ा मौसम फिर गर्म होने जा रहा है। मौसम विभाग में 3 दिनों में अधिकतम तापमान में 6 डिग्री तक की बढ़ोत्तरी का अलर्ट जारी किया है।

पूर्वानुमान है कि पारा 47 डिग्री तक पहुंच जाएगा, ऐसे में बीमारियों का खतरा बढ़ जाएगा। डॉक्टर अचानक से नमी और फिर तेज गर्मी को बीमारी का कारण मान रहे हैं। सावधानी नहीं बरती गई तो बच्चों से लेकर बड़ों पर अटैक होगा।

3 दिन में हल्की बारिश से नमी

बिहार के अलग-अलग हिस्सों में पिछले 3 दिनों से हल्की बारिश और नमी युक्त तेज हवाएं चल रही हैं। 24 घंटे के दौरान राज्य के उत्तर पश्चिमी भागों के एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश हुई है।

मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के अधिकांश भागों में पूर्वी एवं दक्षिण पूर्वी हवा का प्रवाह हो रहा है। इसकी रफ्तार 10 से 12 किलो मीटर प्रति घंटे तक की है। इन मौसमी कारकों के प्रभाव से 24 घंटे में राज्य के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हुई और गरज के साथ बिजली भी चमकी है। अब बारिश को लेकर कोई पूर्वानुमान नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि अब मौसम गर्म होगा।

ऐसे बढ़ेगा बिहार में पारा

मौसम विभाग का कहना है कि 24 घंटे में सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री पूसा और अगवानपुर में दर्ज किया गया, जबकि सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43 डिग्री औरंगाबाद में रिकॉर्ड किया गया। नमी वाले मौसम में भी पारा चढ़ा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 3 दिनों में तापमान 2 से 6 डिग्री तक बढ़ जाएगा। ऐसे में राज्य का अधिकतम तापमान 47 डिग्री तक पहुंचने का पूर्वानुमान है।

औरंगाबाद में लगातार पारा चढ़ने से खतरा भी बढ़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि तापमान बढ़ने के साथ अगर गर्म हवाओं की रफ्तार बढ़ी तो औरंगाबाद जैसे पठारी इलाकों में खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में पठारी क्षेत्र में रहने वाले लोगों को अलर्ट किया गया है।

नमी के बाद गर्मी बनेगी खतरा

नमी युक्त मौसम के बाद अचानक से गर्मी का मौसम सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में मौसम शुष्क हो रहा है। 24 घंटे में पश्चिमी इलाकों को छोड़ अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 24 घंटे बाद दिन के तापमान में बढ़ोत्तरी देखी जा सकती है। यह 3 दिनों में 2 से 6 डिग्री तक बढ़ जाएगा। ऐसे मौसम को लेकर पटना के प्रमुख पेट रोग विशेषज्ञ डॉ मनोज कुमार का कहना है कि इस मौसम बीमारी का खतरा बढ़ जाता है। पेट की बीमारी से लेकर बुखार तक का खतरा होता है।

पानी की कमी बीमारी का बड़ा कारण बनती है। इसलिए पानी पीते रहें और तरल पदार्थों का अधिक से अधिक सेवन करें। गर्मी से बचने के लिए सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पालने करें। तेज धूप में जरूरी नहीं हो तो घर से बाहर नहीं निकले, बच्चों के साथ बीमार, बुजुर्ग लोगों का विशेष ख्याल रखें।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.