कोरोना महामारी के बीच भी असामाजिक तत्व पैसे कमाने के अवैध खेल में संलिप्त हैं. इससे राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था गड़बड़ाने लगी है. ताजा मामला मुजफ्फरपुर जिले के सदर अस्पताल से जुड़ा हुआ है. एक अपराधिक सिडीकेट के द्वारा सुनियोजित तरीके से अस्पताल के स्टोर से चार हजार एंटीजन किट गायब करने के खेल का मुजफ्फरपुर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है.
इस मामले में पुलिस ने सकरा थाना क्षेत्र के सुस्ता गांव सदर अस्पताल के कर्मचारी संजय ठाकुर के ससुराल से 400 रैपिड एंटीजन किट और दूसरे मेडिकल का सामान बरामद किया. यह सफलता पुलिस को डीएसपी पूर्वी मनोज पांडेय के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी में मिली.
पुलिस ने सदर अस्पताल के स्टोर से दवाओं और जरूरी मेडिकल टूल्स उड़ाने के मामले में संजय ठाकुर के साथ तीन अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. फिलहाल पुलिस सभी से इन उपकरणों के संबंध में पूछताछ कर रही है. वहीं, पुलिस ने अपनी जांच में सदर अस्पताल के सेंट्रल स्टोर पहुंच कर एंटीजन किट की वितरण पंजी को भी खंगाला. इस मामले की जांच शुरू होते ही सदर अस्पताल में हड़कंप मच गया है. एसएसपी जयंत कांत ने बताया कि एक अस्पताल कर्मी के पास से 4000 एंटीजन किट और अन्य मेडिकल सामान बरामद हुआ है. इस मामले में 4 लोगों की गिरफ्तारी की गई है. पूछताछ जारी है. एफआईआर दर्ज किया जाएगा.




Leave a Reply