MUZAFFARPUR

भारत का विकेट गिरते ही मचा हल्ला, गुस्से में युवक ने कर दी किशोर की ह’त्या

वैशाली : वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र के जक्कोपुर गांव में रविवार शाम टी-20 फाइनल मैच देखना एक किशोर को भारी पड़ गया। मैच देखने के दौरान हुए विवाद में 17 वर्षीय किशोर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

बताया गया कि मोबाइल पर क्रिकेट मैच देखने को लेकर युवकों के बीच विवाद हुआ, जिसमें एक 17 वर्षीय किशोर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार जक्कोपुर गांव में कुछ युवक भारत-न्यूजीलैंड टी-20 फाइनल मैच देख रहे थे। इसी दौरान भारत का एक विकेट गिरने पर एक किशोर ने जोर से शोर मचा दिया। इस पर वहां मौजूद दूसरे युवक को गुस्सा आ गया और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि बात मारपीट तक पहुंच गई। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी युवक ने 17 वर्षीय कुदन कुमार को जमीन पर पटक दिया और उसके सिर पर गंभीर प्रहार किया। हमले में कुदन गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कुदन को तुरंत महनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हाजीपुर में भी स्थिति नाजुक बनी रहने पर डॉक्टरों ने उसे पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) भेज दिया, लेकिन पटना ले जाते समय रास्ते में ही कुदन ने दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान जक्कोपुर, नगर परिषद महनार के वार्ड संख्या 18 निवासी बृजकिशोर राय के 17 वर्षीय पुत्र कुदन कुमार के रूप में हुई है। वहीं आरोपी की पहचान 18 वर्षीय किसन कुमार, पिता विसुनकांत ठाकुर के रूप में हुई है, जिसका घर मृतक के घर के पास ही बताया जा रहा है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में आक्रोश है और उन्होंने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। जक्कोपुर गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। महनार थाना पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.