MUZAFFARPUR

बारात से भड़की चिंगारी, 8 किमी में कर्फ्यू, सांप्रदायिक तनाव गहराया, सीतामढ़ी, मोतिहारी और मधुबनी में प्रशासन अलर्ट

नेपाल: पड़ोसी देश नेपाल के रौतहट जिला में एक बार फिर सांप्रदायिक तनाव ने गंभीर रूप ले लिया है। जिले के सबगाढ़ा गांव में हिंदू और मुस्लिम समुदाय के बीच उपजा विवाद देखते ही देखते उग्र हो गया, जिसके बाद जिला प्रशासन को सख्त कदम उठाते हुए आठ किलोमीटर के दायरे में कर्फ्यू लागू करना पड़ा। वहीं सीमावर्ती जिला होने के कारण इस घटना की चर्चा बिहार के सीतामढ़ी, मोतिहारी और मधुबनी समेत आसपास के इलाकों में भी हो रही है। सीमा क्षेत्रों में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीन दिन पहले गांव में आई एक बारात के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। मामूली तकरार अचानक पत्थरबाजी में बदल गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि स्थानीय बुद्धिजीवियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की पहल से दोनों पक्षों को बैठाकर अस्थायी रूप से मामला शांत करा लिया गया था।

लेकिन शांति ज्यादा दिन टिक नहीं पाई। अगले ही दिन कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल को फिर से भड़काने की कोशिश की। प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति संभालने का प्रयास किया।शुक्रवार सुबह अज्ञात व्यक्तियों द्वारा एक बाइक में आग लगा दिए जाने की घटना ने हालात को और गंभीर बना दिया। गांव में अफरातफरी मच गई और लोग अपने-अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। इसके बाद प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर सशस्त्र बलों की तैनाती बढ़ा दी।

जिलाधिकारी दिनेश सागर भूसाल ने शनिवार दोपहर एक बजे से आठ किलोमीटर की परिधि में कर्फ्यू लागू कर दिया। किसी भी प्रकार के जुलूस, सभा, प्रदर्शन या भीड़ एकत्र करने पर पूर्ण प्रतिबंध है। आवश्यक सेवाओं को छोड़कर अन्य गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि अफवाहों के जरिए माहौल बिगाड़ने की कोशिशों को रोका जा सके।

नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री माधव कुमार नेपाल ने दोनों समुदायों से संयम और शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आपसी सद्भाव और भाईचारा ही देश की असली ताकत है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन तनाव पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। प्रशासन और सामाजिक संगठनों को उम्मीद है कि संवाद और समझदारी से जल्द ही क्षेत्र में स्थायी शांति बहाल होगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.