MUZAFFARPUR

नालंदा में गरजे सीएम नीतीश, लालू-तेजस्वी पर बोला बड़ा हमला

बिहार : बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज है। चुनाव प्रचार का दौर जारी है। एक ओर सीएम नीतीश चुनावी प्रचार कर रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी चुनावी हुंकार भर रहे हैं। इसी कड़ी में आज सीएम नीतीश अपने गृह जिला नालंदा चुनाव प्रचार करने पहुंचे।

इस दौरान उन्होंने राजद के शासनकाल पर जमकर हमला बोला। उन्होंने लालू यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि वो केवल अपने परिवार को आगे बढ़ाते हैं। सीएम नीतीश ने 2005 के पहले की बिहार की दशा को भी जनता के सामने रखा और अपील की कि जनता राजद को वोट ना दें।

सीएम नीतीश का बड़ा हमला 

दरअसल, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को अपने गृह जिले नालंदा में एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में ताबड़तोड़ जनसभाएं कीं। उन्होंने दोपहर 12 बजकर 5 मिनट पर अस्थावां में जदयू उम्मीदवार जितेंद्र कुमार के समर्थन में सभा को संबोधित किया और उससे पहले सुबह 11:30 बजे राजगीर विधानसभा क्षेत्र के सरबहदी हाई स्कूल मैदान में जदयू प्रत्याशी कौशल किशोर के लिए प्रचार किया।

नीतीश कुमार ने अपने संबोधन की शुरुआत 2005 से पहले और बाद के बिहार की तुलना से की। उन्होंने कहा कि जब से हमारी सरकार बनी है 2005 में, तब से हम जनता की सेवा कर रहे हैं। उससे पहले जो लोग थे, वो कुछ काम नहीं करते थे। समाज में विवाद होता था, हिंदू-मुस्लिम में झगड़े होते थे, शाम के बाद लोग घर से नहीं निकलते थे। शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली का हाल बेहाल था।

लालू परिवार ने 15 साल में परिवार का विकास किया

सीएम ने राजद शासन पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें 15 साल का मौका मिला, लेकिन उन्होंने सिर्फ अपने परिवार का भला किया। पत्नी को मुख्यमंत्री बना दिया, बेटों को राजनीति में उतार दिया। हमने आज तक परिवार के लिए कुछ नहीं किया, सिर्फ जनता की सेवा की है। नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार ने कानून का राज बिहार में स्थापित किया। सीएम नीतीश ने बताया कि, हमने 2006 में कब्रिस्तानों की घेराबंदी कराई, ताकि कोई विवाद न हो। 2016 में 60 साल पुराने हिंदू मंदिरों की घेराबंदी कराई। चाहे हिंदू हों या मुस्लिम हमने सबके लिए समान रूप से काम किया।

5 साल में अब 1 करोड़ युवाओं को रोजगार

रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि हमने 2020 में 10 लाख नौकरी और 10 लाख रोजगार देने का वादा किया था। 10 लाख नौकरी का काम पूरा हो चुका है और 40-50 लाख लोगों को रोजगार मिल चुका है। अब अगले 5 साल में 1 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य तय किया गया है। महिला सशक्तिकरण की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए नीतीश ने कहा कि 2006 में पंचायती राज में 50% आरक्षण दिया, 2013 में पुलिस में 35% और 2016 में सभी सरकारी नौकरियों में 35% आरक्षण महिलाओं को दिया। आज बिहार पुलिस में महिलाओं की संख्या देश में सबसे ज्यादा है। उन्होंने बताया कि 2006 में विश्व बैंक से कर्ज लेकर ‘जीविका समूह’ की शुरुआत की गई थी, जिसकी सदस्य संख्या अब 1 करोड़ 40 लाख हो चुकी है।

 

 

 

 

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.