मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर में नूपुर कलाश्रम” के तत्वावधान में आयोजित नूपुर कला महोत्सव – 2025 का भव्य आयोजन किया गया। जहां भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन को समर्पित इस महोत्सव में देशभर की पारंपरिक कलाओं, नृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अद्भुत समागम देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ, जिसमें डॉ. रंजना सरकार, डॉ. संजय पंकज, डॉ. भारद्वाज, डॉ. अरुण साह, रविन्द्र, विवेक कुमार, आदित्य नारायण सिन्हा, भारत भूषण सिन्हा, तिरंगा, सतीश राय, पुनम सिंह, अभिषेक मिश्रा, रनवीर राजन सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा स्वागत भाषण डॉ. रंजना सरकार और डॉ. संजय पंकज ने दिया।

सम्मान सत्र में विद्यालय एवं महाविद्यालयों के प्राचार्यों और शहर के प्रतिष्ठित व्यक्तियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत अर्धनारीश्वर स्वरूप की मंत्रमुग्ध कर देने वाली प्रस्तुति से हुई, जिसके बाद नन्हे कलाकारों द्वारा कथक नृत्य की सुंदर प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। तत्पश्चात ताल साढ़े पाँच मात्राओं पर आधारित “तराना” की ऊर्जा से भरी प्रस्तुति ने सभागार को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के अगले चरण में “मीरा” के भजनों पर आधारित प्रस्तुति ने आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण किया। वहीं पं. बिरजू महाराज द्वारा रचित ताल-धमार पर कथक नृत्य ने सबका मन मोह लिया। “गुरु” और “जगत गुरु” पर केंद्रित विशेष प्रस्तुति ने कार्यक्रम को एक शांति और समरसता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के विशेष आकर्षण रहे दिल्ली से आए युवा कलाकार हरेंद्र भूषण, जिन्होंने शुद्ध कथक नृत्य की अद्भुत प्रस्तुति देकर सबका मन जीत लिया। उन्होंने अपने गुरु डॉ. रंजना सरकार और पं. बिरजू महाराज से प्राप्त ज्ञान की झलक अपनी प्रस्तुति में बखूबी दिखाई।

इसी क्रम में “नायिका भेद” विषय पर विशेष नृत्य प्रस्तुति दी गई, जिसमें नायिकाओं के विभिन्न भावों और अवस्थाओं का सुंदर चित्रण किया गया — जो डॉ. रंजना सरकार के निर्देशन में पहली बार प्रस्तुत हुआ।

साथ ही मंच पर कलाकार ज्योति गझनी, रोमाशा तिवारी, प्राची साह, अनिका साह, मान्या सिंह, श्रेया शर्मा, आकांक्षा प्रियदर्शी, प्रिया कुमारी आदि ने अपनी लाजवाब प्रस्तुतियों से दर्शकों को मोहित किया।

कार्यक्रम को “चुनाव शपथ” से जोड़ा गया, जहाँ डॉ. रंजना सरकार (स्वीप आइकॉन) के प्रयास से उपस्थित सभी लोगों ने स्वच्छ और निष्पक्ष चुनाव की शपथ ली — यह पहल दर्शकों द्वारा खूब सराही गई।

अंतिम चरण में भारत के विभिन्न राज्यों — बिहार, उत्तर प्रदेश और राजस्थान — के लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को राष्ट्रीय एकता और विविधता के रंगों से रंग दिया। कार्यक्रम का समापन भगवान श्रीकृष्ण के नाम संकीर्तन से हुआ।

धन्यवाद ज्ञापन से पूर्व सभी कलाकारों को स्मृति चिन्ह और सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के सफल संचालन में दीनबन्धु, मीनू बई, दिल्या रानी सीना, अर्चना, अवनीश, बादल, रमण, लक्ष्मण और अर्जुन सहित पूरी टीम का योगदान सराहनीय रहा।




Leave a Reply