MUZAFFARPUR

बिहार में मौसम ने ली अंगड़ाई, अब ठंडी-ठंडी कूल-कूल होगी रातें, गुलाबी ठंड ने दी दस्तक

बिहार : बिहार में अब मौसम का मिजाज बदलने लगा है। राज्यभर में बरसात का दौर पूरी तरह थम चुका है और हवा में हल्की ठंडक महसूस की जा रही है।

ग्रामीण इलाकों और नदियों के किनारे बसे गांवों में सुबहें अब हल्के कोहरे और ठंडी हवाओं के साथ शुरू हो रही हैं। लोग सुबह-सुबह हल्की सिहरन महसूस कर रहे हैं, जबकि दिन में खिली धूप से मौसम सुहावना बना हुआ है।

गुलाबी ठंड ने दी दस्तक 

मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल बिहार में 15 अक्टूबर तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। सभी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा और आने वाले दिनों में गुलाबी ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ेगा। हालांकि, आज सुपौल और किशनगंज जिलों में बेहद हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा राज्य के अन्य सभी जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्का कोहरा और ठंडी हवाएं महसूस की जा रही हैं।

15 अक्टूबर तक हो जाएगी मानसून की विदाई 

मौसम विभाग की मानें तो, बिहार से जल्द ही मानसून की औपचारिक विदाई होने वाली है। वर्तमान में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह कमजोर पड़ चुका है और अब उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली शुष्क हवाएं सक्रिय हो गई हैं। इससे सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंडक बढ़ गई है, साथ ही रात के तापमान में भी धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा रही है।

मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि 10 से 15 अक्टूबर के बीच बिहार से मानसून की विदाई हो सकती है। इसके बाद राज्य का अधिकांश हिस्सा सूखा रहेगा और बारिश की संभावना लगभग समाप्त हो जाएगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.