MUZAFFARPUR

छठ महापर्व की तैयारियां जोरों पर, पटना में 91 गंगा घाट और 62 तालाब व्रतियों के लिए होंगे तैयार

पटना : बिहार के लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारी पटना में जोरों पर है। दीघा से लेकर पटना सिटी तक गंगा के 91 घाटों और शहर के 62 तालाबों को व्रतियों के लिए पूरी तरह सुरक्षित और स्वच्छ बनाया जा रहा है। नगर निगम इस बार घाटों की सफाई, मरम्मत और सजावट पर 13.91 करोड़ रुपये खर्च कर रहा है।

बढ़ते गंगा जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा घेराबंदी, रेलिंग, चेतावनी बोर्ड और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था को प्राथमिकता दी है। प्रमंडलीय आयुक्त के निर्देश पर रविवार को नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी और अभियंता टीम ने दीघा से लेकर पटना सिटी तक सभी घाटों का निरीक्षण किया।

इस बार गंगा का बढ़ा जलस्तर घाट निर्माण और सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सभी संवेदकों को युद्ध स्तर पर काम पूरा करने का निर्देश दिया है। खतरनाक स्थानों पर सुरक्षा घेराबंदी की जा रही है, साथ ही चेतावनी बोर्ड और रेलिंग का निर्माण कराया जा रहा है ताकि व्रतियों को किसी तरह की परेशानी या खतरे का सामना न करना पड़े।

प्रमंडलीय आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी घाटों पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइट का सर्वे और मरम्मत का काम तेजी से चल रहा है।

दीघा से दमराजी घाट तक कुल 40 हाई मास्ट लाइटें लगी हैं, जबकि कलेक्ट्रेट से दमराजी घाट तक लगभग 620 स्ट्रीट लाइटें स्थापित हैं। इन सभी की जांच की जा रही है और जहां आवश्यकता है वहां मरम्मत भी कराई जा रही है। घाटों के एप्रोच रोड पर भी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और परीक्षण कार्य जारी है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.