MUZAFFARPUR

ग्रामीणों ने लगाया ‘जेडीयू विधायक लापता’ का पोस्टर, इलाके में गरमाई चुनावी सियासत

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में जेडीयू विधायक अशोक चौधरी लापता हो गए हैं। इसको लेकर ग्रामीणों ने अनोखा विरोध जताया है। उन्होंने गांव के घरों, बिजली के खंभों और दीवारों पर “विधायक लापता है” के पोस्टर चिपकाए और कहा कि अब लोग उन्हें खोजने निकल रहे हैं।

दरअसल, बिहार विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आते ही विरोध भी तेज हो गया है। ताजा मामला सुरक्षित क्षेत्र सकरा विधानसभा का है, जहां जेडीयू विधायक अशोक चौधरी के लापता होने के पोस्टर लगाए गए हैं। ग्रामीणों में अपने ही विधायक के खिलाफ भारी आक्रोश है, जिसके बाद इलाके की राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, रामपुर कृष्ण पंचायत के कई गांवों में ग्रामीणों ने विधायक पर काम नहीं करने और क्षेत्र से गायब रहने का आरोप लगाते हुए यह पोस्टर लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अब तक कोई विकास कार्य नहीं हुआ है और विधायक लंबे समय से जनता से संपर्क में भी नहीं रहे।

ग्रामीणों का आरोप है कि अब जब चुनाव नजदीक हैं और तारीख का ऐलान होने वाला है, तभी विधायक ने आना-जाना शुरू किया है। नाराज ग्रामीणों ने कहा कि अब हम उन्हें सबक सिखाने का फैसला कर चुके हैं और इसी के तहत “विधायक लापता है” लिखे पोस्टर सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए हैं।

इस मामले के सामने आने के बाद पूरे इलाके में जोरदार चर्चा छिड़ गई है। वहीं, अन्य लोगों का कहना है कि यदि जनप्रतिनिधि क्षेत्र की समस्याओं पर ध्यान नहीं देंगे तो आने वाले दिनों में विरोध और तेज किया जाएगा।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.