MUZAFFARPUR

चुनाव चलता रहेगा, खातों में आते रहेंगे 10000 रुपये; नीतीश सरकार ने दिसंबर तक तारीखें बता दी

पटना: नीतीश सरकार की मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का लाभ बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखें घोषित होने के बाद भी मिलता रहेगा। चुनाव के बीच लाभार्थियों के बैंक खाते में 10-10 हजार रुपये आते रहेंगे। बीते 26 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 75 लाख महिलाओं के खातों में कुल 7500 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए थे।

इसी कार्यक्रम में सीएम ने ऐलान किया था कि आगामी 3 अक्टूबर को भी अन्य महिलाओं के खातों में पैसे भेजे जाएंगे। यह सिलसिला आगामी विधानसभा चुनाव के बीच और उसके बाद भी चलता रहेगा। नीतीश सरकार ने महिला रोजगार योजना की राशि लाभार्थियों के खाते में ट्रांसफर करने की तारीखें दिसंबर महीने तक जारी कर दी है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अगस्त महीने में के आखिरी में इस योजना का ऐलान किया था। इसके तहत हर घर की एक महिला सदस्य को रोजगार शुरू करने के लिए पहली किस्त के रूप में 10000 रुपये डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके खाते में दिए जा रहे हैं। सरकार का कहना है कि 6 महीने बाद आकलन कर उन्हें 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जाएगी।

अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव को देखते हुए नीतीश सरकार ने महिला रोजगार योजना के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया इसी महीने शुरू कर दी। लाखो-करोड़ की संख्या में महिलाओं ने इस योजना के लिए आवेदन किया है। अब तक 75 लाख महिलाओं के खाते में 10-10 हजार आ चुके हैं। इस योजना का रजिस्ट्रेशन अभी चालू है। जो महिलाएं अब जुड़ रही हैं, उन्हें भी आगे 10000 रुपये दिए जाएंगे।

इन तारीखों को ट्रांसफर होंगे 10-10 हजार रुपये

नीतीश सरकार द्वारा अलग-अलग चरणों में महिला रोजगार योजना की लाभार्थियों के खाते में 10-10 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। इसके लिए दिसंबर महीने तक की तारीखें जारी हो गई हैं। अगली तारीख 3 अक्टूबर है। इसके बाद 6, 17, 24 एवं 31 अक्टूबर, फिर 7, 14, 21 एवं 28 नवंबर और 5, 12, 19 एवं 26 दिसंबर 2025 को प्रति लाभार्थी 10000 रुपये की दर से महिलाओं को राशि ट्रांसफर की जाएगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.