मुजफ्फरपुर: मुज़फ्फरपुर में सेवा पर्व के अवसर पर “स्वदेशी अपनाओ अभियान” की जोरदार शुरुआत हुई। जहां जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने सरैयागंज टावर स्थित प्रदर्शनी-सह-बिक्री स्टॉल का उद्घाटन किया।

इस अभियान के तहत शहर के तीन प्रमुख पूजा पंडालों- सरैयागंज टावर, हरिसभा चौक और लकड़ीढ़ाही के पास खादी और स्थानीय स्तर पर बने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई है।

इसका उद्देश्य न केवल खादी, हस्तशिल्प और “एक जिला एक उत्पाद” योजना से जुड़े सामानों को बढ़ावा देना है, बल्कि वोकल फॉर लोकल के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना भी है।

स्टॉलों पर स्थानीय उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उच्च गुणवत्ता वाले परिधान, बैग, लीची उत्पाद और हस्तशिल्प आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए उत्पादों पर 50 प्रतिशत तक की विशेष छूट भी दी जा रही है।

जिलाधिकारी ने उद्यमियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि स्थानीय उत्पाद जिले की धरोहर हैं और इन्हें वैश्विक पहचान दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने जिला उद्योग केंद्र को मुख्यमंत्री उद्यमी योजना और लघु उद्यमी योजना का व्यापक प्रचार करने का भी निर्देश दिया।

प्रदर्शनी के साथ-साथ शैक्षणिक संस्थानों में क्विज़ और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित कर छात्रों को भी आत्मनिर्भर भारत के संदेश से जोड़ा जा रहा है।

मुज़फ्फरपुर में आयोजित यह अभियान केवल प्रदर्शनी नहीं, बल्कि स्वावलंबन, संस्कृति और स्वाभिमान की दिशा में उठाया गया सशक्त कदम है।





Leave a Reply