MUZAFFARPUR

एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान को चटाई धूल, मुजफ्फरपुर में मना जीत का जश्न

मुजफ्फरपुर: एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान पर भारत की शानदार जीत के बाद मुजफ्फरपुर में खुशी की लहर दौड़ गई। सड़कों पर तिरंगा लहराया, आतिशबाजी हुई और भारत माता की जय के नारों से पूरा शहर गूंज उठा।

एशिया कप 2025 के फाइनल में भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को हराकर खिताब अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे शहर में जश्न का माहौल बन गया। जगह-जगह भारत माता की जय के नारे लगे, लोगों ने पटाखे फोड़े और रंगीन फुलझड़ियां जलाकर खुशी जाहिर की।

सरैयागंज टॉवर और मक्कन शाह चौक पर हाथों में तिरंगा लिए युवाओं की टोली निकली और जमकर जश्न मनाया। क्रिकेट प्रेमियों ने पाकिस्तान की हार पर तंज कसते हुए कहा- हम शेर हैं, शेर कभी हारता नहीं। मैदान हमारा था और पाकिस्तान हारा।

तिलक ने दिखाया कमाल

बता दें कि भारत ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। भारत ने कुलदीप यादव की शानदार गेंदबाजी की मदद से पाकिस्तान की पारी 19.1 ओवर में 146 रन पर ढेर कर दी। लक्ष्य का पीछा करते हुए तिलक ने 53 गेंदों पर तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 69 रन बनाए जिसके दम पर भारत ने 19.4 ओवर में पांच विकेट पर 150 रन बनाकर मैच अपने नाम किया।

भारत की जीत के बाद हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोग एक साथ निकलकर खिलाड़ियों के जज्बे को सलाम करते दिखे। लोगों ने कहा कि यह सिर्फ खेल की जीत नहीं बल्कि हर भारतीय के गर्व का क्षण है।

मैच के दौरान शहर के कई स्थानों पर बड़े प्रोजेक्टर लगाए गए थे। चौकों-छक्कों पर तालियों और सीटियों की गूंज सुनाई दी और जैसे ही भारत ने जीत दर्ज की, पूरा इलाका उल्लास से भर उठा। कुछ पल के लिए दिवाली जैसा माहौल हो गया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.