MUZAFFARPUR

सीतामढ़ी: युवक की ह’त्या पर फूटा लोगों का गुस्सा; भीड़ ने पुलिस को दौड़ाकर पी’टा, SDPO की गाड़ी तोड़ी

सीतामढ़ी: बिहार के सीतामढ़ी जिले में शुक्रवार सुबह एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद भारी बवाल हो गया। डुमरा थाना क्षेत्र के लगमा गांव में बेखौफ अपराधियों ने एक युवक के घर पर चढ़कर फायरिंग कर दी। गोल लगने से राम मनोहर शर्मा उर्फ गणेश सिंह की मौत हो गई। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने एनएच 22 को जाम कर दिया। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो लोग भड़क गए। भीड़ ने पुलिसकर्मियों को दौड़ाकर उनकी पिटाई कर दी। सदर एसडीपीओ की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

ग्रामीणों के अनुसार, बाइक सवार दो बदमाशों ने गणेश सिंह के घर पर फायरिंग कर फरार हो गए। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। वारदात की सूचना मिलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया। फिर सीतामढ़ी-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग को लगमा के समीप जाम कर दिया गया।

इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे सदर एसडीपीओ-1 राजीव कुमार सिंह, नगर थाना, डुमरा थाना और गाढ़ा थाना की पुलिस टीम को आक्रोशित भीड़ का सामना करना पड़ा। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि ग्रामीणों ने पुलिस टीम की पिटाई कर दी। हंगामे के बीच पुलिसकर्मी घटनास्थल से भागने को विवश हो गए।

ग्रामीणों की मांग है कि अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी हो और पीड़ित परिवार को मुआवजा मिले। घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है। पुलिस उच्चाधिकारियों ने कहा है कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। हत्या की वजह आपसी विवाद बताई जा रही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.