MUZAFFARPUR

बेतिया में भाषण देते-देते भावुक हुए नीतीश कुमार, CM ने पश्चिम चंपारण को दी 1000 करोड़ की सौगात

बेतिया: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पश्चिम चंपारण को 1000 करोड़ की योजनाओं की सौगात दी है. वाल्मीकीनगर में योजनाओं के शिलान्यास के बाद जब बेतिया पहुंचे तो सीएम पुराने अंदाज में दिखे. लगभग 45 मिनट तक भाषण दिया. उन्होंने कहा कि बिहार में पिछले 20 वर्षो में काफी तेजी से विकास हुआ है. अपने संबोधन के दौरान वह भावुक भी नजर आए.

‘चंपारण से मेरा पुराना लगाव’

सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि आपलोग तो जानते हैं कि पश्चिम चंपारण से मेरा कितना लगाव है. जब भी कोई यात्रा की शुरुआत करते हैं तो यही से शुरू करते है. इस क्षेत्र से मेरा काफी लगाव है. यहां पहले लोग दिन में नही निकलते थे. जब हमारी सरकार आई तो डाकुओं से मुक्ति मिली. आज चंपारण बदल गया है और मुझे इसकी काफी खुशी होती है.

सीएम ने गिनाईं उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने अपनी उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सरकार ने अभी तक पांच लाख से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति की है. स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई मेडिकल कॉलेज खोले गए हैं. 125 यूनिट बिजली को फ्री कर दिया गया है. वृद्धा पेंशन बढ़ाया गया है और महिलाओ को रोजगार दिया गया है.

सभी वर्गों के लिए किया काम

सीएम ने कहा कि बिहार पुलिस में जितनी महिलाओं की संख्या है, वह पूरे भारत के किसी भी राज्य में नहीं है. नीतीश कुमार ने कहा कि हमारी सरकार ने हिंदू-मुस्लिम सभी वर्गों के लिए काम किया है. मुस्लिम समुदाय के लिए कब्रिस्तान की घेराबंदी के साथ-साथ मंदिरों की चाहरदीवारी भी करवायी. पिछली सरकार में हिंदू-मुस्लिम होता था. नीतीश कुमार ने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के बहुत कुछ कर रहे हैं. इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के लिए कार्यकर्ताओं से ताली भी बजवायी.

1000 करोड़ की सौगात

मुख्यमंत्री ने आज पश्चिम चंपारण को करीब 1000 करोड़ की सौगात दी. जिसमें बेतिया महाराजा स्टेडियम के पुनर्निर्माण के लिए 53 करोड़ 99 लाख, डिग्री कॉलेज मधुबनी को 12 करोड़ 45 लाख, दोन नहर सड़क मार्ग को 77 करोड़ 70 लाख, अमवामन पावर ग्रिड को 145 करोड़, बरवत सेना पथरीघाट सड़क को 73 करोड़ 16 लाख, लवकुश पार्क वाल्मीकीनगर को 51 करोड़ 54 लाख सहित अन्य योजनाएं शामिल हैं.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.