MUZAFFARPUR

हे माँ! बिहार को इस दु:ख से उबारिए; तेजस्वी की प्रार्थना में नीतीश पर निशाना, मांगा यह वरदान

पटना : आज से शारदीय नवरात्रि शुरू हो गयी है। पहले दिन माता के शैलपुत्री स्वरूप की पूजा हो रही है। सीएम नीतीश कुमार ने इस मौके पर बिहार की जनता को बधाई दी है। इधर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने देशवासियों को पर्व की बधाई देने के साथ सोशल मीडिया पर देवी मां की प्रार्थना का वीडियो पोस्ट किया है जिसमें नीतीश कुमार को उनका नाम लिए बगैर टारगेट किया गया है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तेजस्वी यादव ने पोस्ट में लिखा है, “हे माँ! बिहार ने पिछले 20 वर्षों में गरीबी, पलायन, भूखमरी, अपराध, भ्रष्टाचार, स्वास्थ्य की बेहाली सबकुछ सह लिया!अब बिहार को इस दु:ख से उबारिये। जनसेवा के लिए तेजस्वी को शक्ति दीजिए। ताकि तेजस्वी, हर घर समृद्धि , खुशहाली ला सके और नया बिहार बना सके।” तेजस्वी यादव ने माता के भजन का जो वीडियो शेयर किया है उसमें बिहार में पुल गिरने, बाढ़ से तबाही, पटना में प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज, अपराध, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पलायन जैसे मुद्दों को उकेरा गया है।

इससे पहले तेजस्वी यादव ने देशवासियों को नवरात्रि की बधाई देते हुए कहा कि इस पावन पर्व पर मां दुर्गा सभी साधकों और श्रद्धालुओं में भक्ति और शक्ति का संचार करें और उनका कल्याण करें। मां के आशीर्वाद से वे सतत श्रम, साहस, श्रद्धा, विश्वास, आस्था एवंच सच्चे मने से प्रयास करते रहें। यह पर्व बिहार में सुख, शांति, प्रगति और समृद्धि लेकर आए।

सीएम नीतीश कुमार ने बिहार वासियों के नाम बधाई संदेश में कहा कि शारदीय नवरात्रि के अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मां दुर्गा शक्ति की अधिष्ठात्री देवी हैं। नवरात्रि के नौ दिन मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा होती है। मां दुर्गा भक्तों और साधकों में शक्ति का संचार कर करूणा और परोपकार के द्वारा प्राणियों का कल्याण करती हैं। नवरात्रि पर्व राज्य में सुख, शांति एवं समृद्धि लेकर आए।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.