मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर में कलश स्थापना के साथ सोमवार से शारदीय नवरात्र की शुरुआत हो गई। शहर में 75 से अधिक पूजा पंडालों में आज से ही देवी दुर्गा की पूजा शुरू हो रही है। इसके अलावा, देवी मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।

इसी को देखते हुए, मंदिरों को फूलों और रंगीन बल्बों से सजाया गया है। यह सजावट का काम रविवार को पूरी रात चला। शहर के प्रमुख मंदिरों में रमना स्थित राज राजेश्वरी मंदिर के पुजारी डॉ. धर्मेंद्र तिवारी ने बताया कि यहां तांत्रिक पूजा की जाती है। श्रद्धालु सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक माता के दर्शन और पूजा कर सकेंगे।

वहीं, कच्चीसराय स्थित बगलामुखी मंदिर के महंत देवराज ने बताया कि पूजा की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। श्री दुर्गा मंदिर, गोला रोड के सचिव सुबोध कुमार ने बताया कि नवरात्र पूजा के लिए कामाख्या से छह पंडितों की टीम रविवार को ही पहुंच चुकी है। समिति के सदस्य रविवार शाम पहलेजा से गंगाजल और मिट्टी लाए हैं, जिस पर सोमवार को कलश स्थापित किया जाएगा और रात 8 बजे माता की भव्य आरती होगी। इसके अलावा, धर्मशाला चौक स्थित संतोषी माता मंदिर के मुख्य पुजारी रामश्रेष्ठ झा ने बताया कि यहां श्रद्धालु सुबह से ही दर्शन-पूजन कर रहे है।




Leave a Reply