MUZAFFARPUR

जो RJD का सदस्य वही दल से लड़ेगा, बड़े भाई तेज प्रताप को पार्टी सिंबल पर तेजस्वी की दो टूक

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपने बड़े भाई और नीतीश कुमार की सरकार में मंत्री रहे तेज प्रताप यादव के बारे में बड़ा बयान दिया है। तेज प्रताप को पार्टी से टिकट देने के सवाल पर उन्होंने साफ कहा कि जो आरजेडी का सदस्य होगा वही दल से चुनाव लड़ेगा। अनुष्का यादव के साथ निजी तस्वीरें वायरल होने के बाद लालू प्रयाद यादव ने तेज प्रताप को पार्टी और परिवार से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। जदयू ने कहा है कि दोनों के बीच टकराहट चल रही है।

तेजस्वी यादव इन दिनों बिहार अधिकार यात्रा पर हैं। शुक्रवार को तेजस्वी इसी क्रम में समस्तीपुर पहुंचे। एक इंटरव्यू के दौरान तेजस्वी यादव ने यह बात कही। जब उनसे पूछा गया कि तेज प्रताप यादव पार्टी सिंबल पर चुनाव लड़ेंगे तो जवाब में तेजस्वी यादव बोले, “आरजेडी में जिसकी सदस्यता है वही चुनाव लड़ेगा ना।” जब उनसे यह पूछा गया कि आप बड़े भाई के चुनाव प्रचार में जाएंगे तो तेजस्वी बोले, “हमारी अपनी पार्टी है और अपनी विचारधारा है। हालांकि, हम तो सबको शुभकामनाएं देते हैं।”

हालांकि, तेजस्वी यादव ने पहली बार बड़े भाई के खिलाफ बयान दिया है। इससे पहले तेज प्रताप नाम लिए बगैर कई बार तेजस्वी यादव पर हमला कर चुके हैं। पिछले दिनों तेज प्रताप अपने छोटे भाई के विधानसभा क्षेत्र राघोपुर में बाढ़ प्रभावितों से मिलने चले गए और पूछा कि आपके विधायक क्यों नहीं आ रहे हैं। राघोपुर में उन्होंने राहत सामग्री का वितरण किया। वहां के लोगों को खाना खिलाया और पैसे भी दिए। पहले भी तेज प्रताप तेजस्वी के बारे में बोल चुके हैं। पार्टी से निकाले जाने पर वे अलग पार्टी बनाकर अपनी पहचान मजबूत करने में जुटे हैं। तेजस्वी के बयान पर सियासत भी तेज हो गई है। जदयू प्रवक्ता अभिषेक झा ने कहा है कि राजद में हमेशा राजनैतिक दुविधा बनी रहती है। तेजस्वी यादव बिहार के अधिकार की बात करते हैं लेकिन अपने भाई को अधिकार नहीं देते। तेज प्रताप लालू यादव के असली बारिस हैं। उन्हें दरकिनार कर दिया गया।

बीजेपी प्रवक्ता प्रभाकर मिश्रा ने कहा है कि परिवारवादी पार्टी का अंदरुनी विवाद खुलकर सड़क पर आ गया है। तेजस्वी यादव ने यह बात बोलकर दोनों भाइयों के बीच दूरी बढ़ा दी है। महागठबंधन में शामिल दलों के नेता के साथ लालू प्रसाद भी चुप्पी साधे हुए हैं। लोजपा-आरवी प्रवक्ता विनीत सिंह ने कहा है कि बड़े भाई की हकमारी करने के बाद छोटे भाई अब ज्ञान भी दे रहे हैं। लोजपा नेता ने कहा है कि पार्टी और परिवार को संभालने में विफल हैं और बिहार को संभालने की बात कह रहे हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.