MUZAFFARPUR

बिहार में इसी महीने शुरू होगी मेट्रो सेवा, मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त का निरीक्षण हुआ पूरा

पटना: राजधानी पटना के लोगों के लंबे इंतजार को पूरा करने की दिशा में पटना मेट्रो ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है. मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त जनक कुमार गर्ग ने पटना मेट्रो डिपो, रॉलिंग स्टॉक और प्रायोरिटी कॉरिडोर के तीन स्टेशनों का विस्तृत निरीक्षण किया और रॉलिंग स्टॉक को 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाकर सभी मानकों की जांच की.

सुविधाओं का लिया जायजा

इसी बीच मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त जनक गर्ग ने स्टेशन सुविधाओं, डिपो व्यवस्था और रॉलिंग स्टॉक के हर पहलू की गहन समीक्षा की और कहा कि मेट्रो संचालन शुरू करने से पहले सुरक्षा, संरक्षा और परिचालन मानकों का पूरी तरह पालन किया जाना जरूरी है. निरीक्षण के बाद एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई.

निरीक्षण के बाद उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

मीटिंग में नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव सह पीएमआरसीएल के प्रबंध निदेशक अभय कुमार सिंह, अपर प्रबंध निदेशक अभिलाषा शर्मा, पीएमआरसीएल और डीएमआरसी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. इसी बीच मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त ने कहा कि मेट्रो जैसी सार्वजनिक परिवहन प्रणाली तभी सफल होगी, जब यह सुरक्षित, विश्वसनीय और आधुनिक मानकों पर खरा उतरेगी.

सभी पहलू की हुई गहन जांच

निरीक्षण के दौरान डिपो संचालन, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली, फायर सेफ्टी, ट्रेन कंट्रोल और सिग्नलिंग सिस्टम जैसे तकनीकी बिंदुओं की भी गहन समीक्षा हुई. विशेषज्ञों ने भविष्य में बेहतर अनुरक्षण और यात्री सुविधाओं के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए. इस निरीक्षण को पटना मेट्रो के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है. अब उम्मीद जताई जा रही है कि मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त निरीक्षण के बाद परिचालन अनुमति की प्रक्रिया और तेजी से आगे बढ़ेगी.

पीएम कर सकते हैं उद्घाटन
पटना मेट्रो का यह कदम राजधानी की जनता के लिए एक सुरक्षित, आधुनिक और विश्वसनीय परिवहन व्यवस्था का वादा करता है. आने वाले दिनों में इसका लाभ लाखों यात्रियों को मिलेगा, जो अब तक जाम और प्रदूषण की समस्या से परेशान रहे हैं. उम्मीद जताई जा रही है कि इसी महीने प्रधानमंत्री का जो दौरा होना है. उसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मेट्रो परियोजनाएं का उद्घाटन किया जाएगा. इसके बाद पटना वासियों को मेट्रो सुविधा का लाभ मिलने लगेगा. फिलहाल पाटलिपुत्र आईएसबीटी बस स्टैंड से भूतनाथ स्टेशन तक मेट्रो का परिचालन होगा.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.