MUZAFFARPUR

प्रशांत किशोर शराब वालों से पैसा ले रहे, लालू यादव लाए हैं वोट काटने: संजय जायसवाल

बिहार : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद संजय जायसवाल का झगड़ा बढ़ता जा रहा है। अब भाजपा सांसद ने पीके पर शराब कंपनियों से पैसे लेने का आरोप लगाया है। साथ ही जायसवाल ने यह भी आरोप लगाया कि राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने पीके को वोट काटने के लिए बिहार भेजा है।

पटना स्थित भाजपा दफ्तर में शनिवार को पत्रकारों से बात करते हुए जायसवाल ने कहा कि प्रशांत किशोर दो नंबर का पैसा ले रहे हैं। वे क्या स्ट्रेटजी बनाएंगे। वे सिर्फ वोट काटने वाले हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि पीके पहले ही दिन से धोखा दे रहे हैं। उन्होंने अपनी जन सुराज पार्टी का गठन भी झूठ के आधार पर किया। जायसवाल ने कहा कि प्रशांत किशोर ने अगस्त 2022 में ही दिल्ली में जन सुराज पार्टी बना ली थी। फिर पीके ने अक्टूबर 2024 में क्यों बिहार में पार्टी लॉन्च की। उन्होंने यह भी दावा किया कि दिल्ली में जन सुराज पार्टी का जो इश्तेहार दिया गया था, उसमें पार्टी का अध्यक्ष शरद कुमार मिश्रा और महासचिव विजय साहू को बताया गया। ये लोग कौन हैं बिहार के लोगों को पता ही नहीं है।

दरअसल, प्रशांत किशोर ने पिछले दिनों संजय जायसवाल पर अपने विधानसभा क्षेत्र पश्चिम चंपारण में पेट्रोल पंप के लिए सड़क का अलाइनमेंट बदलवाने का आरोप लगाया था। इसके बाद भाजपा सांसद ने पीके को कानूनी नोटिस भेजकर सबूत मांगे थे। पीके ने इसका जवाब भी दिया है। हालांकि, जायसवाल ने कहा कि वह उनके जवाब से संतुष्ट नहीं है। इसके लिए वे आगे कानूनी कदम उठाएंगे।

बता दें कि प्रशांत किशोर लगातार एनडीए के नेताओं पर भ्रष्टाचार और गड़बड़ी के आरोप लगा रहे हैं। संजय जायसवाल से पहले वे बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल पर किशनगंज में मेडिकल कॉलेज की मान्यता दिलाने के लिए स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय को पैसा देने का आरोप लगा चुके हैं। नीतीश की पार्टी के मंत्री अशोक चौधरी पर भी पैसे देकर बेटी शांभवी को चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) से चुनाव लड़वाने का आरोप लगा पीके लगा चुके हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.