MUZAFFARPUR

जश्ने ईद मिलादुन्नबी : सरकार की आमद मरहबा से गूंजा शहर

मुजफ्फरपुर : हजरत पैगंबर साहब के जन्म दिवस पर शुक्रवार को जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर शहर के मदरसे और मुस्लिम मोहल्लों से जुलूसे मोहम्मदी निकाला गया। गली मोहल्लों से निकला जुलूस शहर के तिलक मैदान रोड पहुंचा। जुलूस में सरकार की आमद मरहबा और नारे रिसालत या रसुलुल्लाह के नारे लगाए। नारों से शहर गूंज उठा।

तिलक मैदान रोड में जुलूस पहुंचने के बाद इज्तमाई रूप से सलात व सलाम पढ़े गए। इसके बाद शहर में तरक्की, अमन और भाइचारे की दुआ मांगी गई। सुबह नौ बजे के बाद तिलक मैदान रोड से दुआ के बाद जुलूस रवाना हुआ।

जुलूस में कई जगह से घोड़े और ऊंट भी निकाले गए। इस मौके मुफ्ती शमीमुल कादरी ने बताया कि इस्लामी कैलेंडर के 12वीं रबीउल अव्वल की अहले सुबह पैगंबरे इस्लाम की आमद हुई थी। उनकी पैदाइश की खुशी में जश्ने ईद मिलादुन्नबी की खुशी मनाई जाती है। इस अवसर पर जुलूस निकालकर खुशी का इजहार किया गया।

पैगंबरे इस्लाम पूरी इंसानियत के लिए रोशन चिराग बनकर आए। घरों में बने मीठे पकवान, मस्जिदों में बंटी शिरनी: सुबह में फजिर की नमाज के बाद मस्जिदों से मुस्तफा जाने रहमत पर लाखों सलाम पढ़ा गया। इसके बाद मुस्लिम घरों में मीठे पकवान बनाए गए। बच्चों ने नए जोड़े पहना। इसके बाद फतेहाख्वानी की गई।

जुमा की नमाज के बाद मस्जिदों में शिरनी बांटी गई। माड़ीपुर स्थित मदरसा अनवारे मुस्ताफा, इमामगंज मदरसा, नयाटोला इस्लामपुर के नूरिया मस्जिद, कन्हौली डीह मदरसा, दामोदरपुर मदरसा व मस्जिद, मुस्लिम यतीमखाना पठानटोली समेत दर्जनों जगहों से जुलूस निकाले गए। जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इज्तमाई दुआ के बाद जुलूस समाप्त हुआ।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.