गया: गयाजी ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी में 27वीं पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया. इसबार कुल 207 ऑफिसर कैडेट्स कमीशन प्राप्त किए. इनमें एसएससी के 184 ऑफिसर कैडेट्स शामिल हैं, जबकि बिहार के 6 जेंटलमैन कैडेट्स भी शामिल हैं, जो कमीशन पाकर सैन्य अधिकारी बने. पासिंग आउट परेड के मुख्य अतिथि भारतीय सेना के सेंट्रल कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेन गुप्ता रहे.

23 महिला कैडेट भी हो रही हैं पास आउट
पूर्व में गया ऑफिसर ट्रेनिंग अकादमी से सिर्फ पुरुष ही सैन्य अधिकारी होते थे, लेकिन अब गया ऑफिसर ट्रेनिंग अकादमी में महिलाएं भी कड़ी ट्रेनिंग पा रही हैं. इस बार 207 ऑफिसर में एसएससी महिला 34 कोर्स की 23 कैडेट्स शामिल हैं, जो पास आउट हुईं. 2025 के मार्च महीने में हुए पासिंग आउट परेड में 18 महिलाएं सैन्य अधिकारी बनी थी.

गौरव पदक सम्मान
बीते शुक्रवार शाम को ऑफिसर कैडेट्स के गौरवान्वित परिवारों को सम्मानित करने के लिए गौरव पदक सम्मान समारोह का आयोजन किया. जिसमें ऑफिसर कैडेट्स के अभिभावकों को देश सेवा के लिए अपने बेटे को समर्पित करने के लिए सम्मानित किया गया.

कैप्टन एम.वी. प्रांजल को मरणोपरांत शौर्य
शूरवीर कैप्टन एम.वी. प्रांजल को मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया. कैप्टन एम.वी. प्रांजल दिसंबर 2017 में यहां से पास आउट हुए थे और वर्ष 2023 में जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद-रोधी अभियान का नेतृत्व करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए थे.

प्रस्तुतियों ने मोहा सबका मन
आयोजन में सैन्य सिम्फनी बैंड द्वारा एक मंत्रमुग्ध कर देने वाला प्रदर्शन किया गया. जिसमें सैन्य परंपरा और संगीतमय उत्कृष्टता का सहज मिश्रण प्रदर्शित हुआ. देशभक्ति भरे उद्घाटनों से लेकर आर्केस्ट्रा मार्च तक की सामंजस्यपूर्ण प्रस्तुतियों ने ताल नियंत्रण, गतिशील विविधताओं और वाद्य यंत्रों के समन्वय को बखूबी दर्शाया गया.

अनुशासन और निशस्त्र युद्ध कौशल का प्रदर्शन
ऑफिसर कैडेट्स ने आर्मी मार्शल आर्ट्स रूटीन के माध्यम से असाधारण अनुशासन और निशस्त्र युद्ध कौशल का प्रदर्शन किया, जो सैन्य प्रशिक्षण की भावना, शक्ति और परंपरा को दर्शाता है.



Leave a Reply