MUZAFFARPUR

चिराग के सामने मंच से लगे नारे – ‘बिहार का मुख्यमंत्री कैसा हो, चिराग पासवान जैसा हो’

मुजफ्फरपुर: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से गुरुवार को एमआईटी कॉलेज मैदान में ‘नव-संकल्प महासभा’ का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने का संकल्प दिलाया. साथ ही जनता के बीच पार्टी का विजन भी साझा किया. उन्होंने नए बिहार के संकल्प के लिए एकजुट रहने की अपील की. इसी कार्यक्रम में मंच से चिराग पासवान को ‘मुख्यमंत्री कैंडिडेट’ बनाने के लिए नारे भी लगे.

निर्णायक होगा विधानसभा चुनाव

सभा को संबोधित करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि आने वाले बिहार चुनाव बेहद निर्णायक होंगे. यह चुनाव यह तय करेगा कि आने वाले पांच साल राज्य के लिए कैसे होंगे. उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं, महिलाओं और युवाओं को जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा कि वे बिहार के बेहतर भविष्य के लिए संघर्ष करें.

बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट का विजन समझाया

चिराग ने सवाल उठाया कि जब पूरा देश एक साथ आजाद हुआ तो दिल्ली और मुंबई ने तो तरक्की कर ली लेकिन बिहार पिछड़ा क्यों रह गया? उन्होंने कहा कि क्या आपने कभी सुना है कि कोई मुंबई या दिल्ली का छात्र शिक्षा या इलाज के लिए बिहार आया हो? मेरा सपना है कि एक दिन दिल्ली और मुंबई का छात्र भी शिक्षा के लिए बिहार आए. यही हमारा बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट का विजन है.

‘विपक्ष से आपलोग सवाल पूछें’

केंद्रीय मंत्री ने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान जब आरजेडी और कांग्रेस के लोग आपके गांव आएं तो उनसे पूछें कि इतने वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद बिहार पिछड़ा क्यों रह गया? चिराग ने कहा कि आज मैं गर्व से कहता हूं कि मैं बिहारी हूं और यही गर्व हर बिहारी की आंखों में देखना चाहता हूं. विपक्ष ने पहले पार्टी को तोड़ने और फिर परिवार को तोड़ने की कोशिश की, लेकिन मैं नहीं टूटा.

सभी सांसद भी मंच पर मौजूद

इस रैली में पार्टी की वैशाली से सांसद वीणा देवी, समस्तीपुर की सांसद सांभवी चौधरी, खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा, जमुई के सांसद अरुण भारती, प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी और हुलास पाण्डेय समेत कई जिलाध्यक्ष और अन्य नेता भी मंच पर मौजूद रहे. चिराग को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह था. जैसे ही उनकी मंच पर एंट्री होती है ‘हमारा मुख्यमत्री कैसा हो चिराग पासवान जैसा हो’ के नारे लगने लगते हैं.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.