पटना: आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं. इस कड़ी में इंडिया गठबंधन के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी गुरुवार को पटना पहुंचे. पटना एयरपोर्ट पर बिहार प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरु और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.

तेजस्वी यादव का समर्थन
इस मौके पर राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने रेड्डी का समर्थन करते हुए कहा कि वे किसी राजनीतिक दल से नहीं जुड़े हैं, यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है. हमें पूरा विश्वास है कि वे राज्यसभा को बेहतर तरीके से चलाएंगे और संविधान की रक्षा करेंगे.

धनखड़ की अनुपस्थिति पर सवाल
तेजस्वी यादव ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की अनुपस्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि अचानक एक ट्वीट के जरिए हमें धनखड़ जी की तबीयत खराब होने की खबर मिलती है. लेकिन अब तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है.

तेजस्वी बोले-चुनाव इतनी जल्दबाजी में क्यों?
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले की सच्चाई केवल तीन लोगों को ही पता है. दो गुजरात से और एक खुद धनखड़ जी को. उन्होंने कहा कि क्या उन्हें नजरबंद किया गया है? यह चुनाव इतनी जल्दबाजी में क्यों हो रहा है?

‘देश जानना चाहता है जवाब’
तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र में पारदर्शिता जरूरी है. देश जानना चाहता है कि धनखड़ जी कहां हैं? अगर वे स्वस्थ नहीं हैं तो क्या इसका आधिकारिक ब्यौरा देश के सामने रखा गया? उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले पर सरकार को जवाब देना चाहिए.



Leave a Reply