MUZAFFARPUR

बिहारियों को हल्के में ना लें गुजराती; मोदी को गाली के खिलाफ बिहार बंद से भड़के लालू यादव

पटना : प्रधानंत्री नरेंद्र मोदी को मां की गाली प्रकरण में भारतीय जनता पार्टी की ओर से बिहार बंद किया गया है। एनडीए के सभी दल समर्थन में हैं। राज्य के सभी जिलों में भारतीय जनता महिला मोर्चा के साथ पार्टी के नेता राहुल गांधी और तेजस्वी यादव(कांग्रेस और राजद) के खिलाफ सड़कों पर उतरे और विरोध प्रदर्शन किया। बंदी पर राजद सुप्रीमो लालू यादव भड़क गए हैं। उन्होंने ट्वीट करके प्रधानमंत्री के साथ भारतीय जनता पार्टी पर हमला किया है। दरभंगा में कांग्रेस-राजद के मंच से पीएम मोदी को खुलेआम माइक पर गाली दी गई थी।

सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट कर लालू यादव ने कहा है, “क्या प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपाइयों को आदेश दिया है कि आज पूरे बिहार और बिहारियों की माताओं-बहनों और बेटियों को गाली दो? गुजराती लोग बिहारियों को इतने हल्के में ना लें? यह बिहार है। बीजेपी के गुंडे-मव्वाली सम्मानित शिक्षिकाओं, राह चलती महिलाओं, छात्राओं, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और पत्रकारों को गालियां दे रहे है, उनके साथ हाथापाई कर दुर्व्यवहार कर रहे है? क्या यह उचित है?”

राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी को गाली को उनकी मां का अपमान बताकर सियासत जोरों पर है। गुरुवार को बीजेपी ने सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक बंद का ऐलान किया। इस दौरान सभी जिलों से बंदी की खबरें आईं। पटना में महिला मोर्चा की सदस्यों ने महिलाओं को भी रोक दिया। पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता भी बंदी में सड़कों पर उतरे। कई जिलों में उग्र प्रदर्शन भी देखे गए। हालांकि ट्रेन और आवश्क सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया था। बंदी के दौरान एंबुलेंस और अन्य एमर्जेंसी गाड़ियों को प्रदर्शनकारियों ने रास्ता निकलवाया।

बिहार शरीफ में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू भी जाम में फंस गए। भुटानी मंदिर के उद्घाटन में वे राजगीर जा रहे थे। नालंदा के पतासंग गांव के पास एनएच-20 पर उनका काफिला जाम में फंसा दिखा। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव से माफी मांगने को कहा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.