MUZAFFARPUR

मुजफ्फरपुर की दो सीटों पर लोजपा की नजर, चिराग पासवान आज तिरहुत और मिथिला को साधेंगे

मुजफ्फरपुर : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर मुजफ्फरपुर में एमआईटी मैदान में आज केंद्रीय मंत्री सह लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान की नव संकल्प महासभा होगी। इसमें तिरहुत और मिथिलांचल के कार्यकर्ता जुटेंगे। जिलाध्यक्ष चुलबुल शाही ने बताया कि चिराग पासवान दोपहर दो बजे सभा को संबोधित करेंगे। मुजफ्फरपुर के कांटी और गायघाट सीटों पर लोजपा ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है।

महासभा में जुमई सांसद सह बिहार प्रभारी अरुण भारती, बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, वैशाली सांसद वीणा देवी, समस्तीपुर सांसद शांभवी, खगड़िया सांसद राजेश वर्मा, संसदीय बोर्ड के प्रदेश अध्यक्ष हुलास पांडेय, प्रधान महासचिव संजय पासवान, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र विवेक, प्रदेश उपाध्यक्ष अशरफ अंसारी, आइटी सेल के प्रदेश अध्यक्ष अमित कुमार रानू, जिला प्रधान महासचिव राज कुमार पासवान, काशीनाथ झा, कुमोद पासवान, कौशल किशोर ठाकुर, संजय पासवान शिरकत करेंगे।

मुजफ्फरपुर के 11 में दो विस सीट की होगी दावेदारी

राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि चिराग पासवान सूबे में चार नव संकल्प महासभा कर चुके है। मुजफ्फरपुर में यह पांचवीं महासभा होगी। उत्तर बिहार यानी तिरहुत और मिथिलांचल के कार्यकर्ताओं के बीच महासभा के माध्यम से विधानसभा को ऊर्जा भरेंगे। उन्हें उनकी शक्ति का बोध कराएंगे। बताया जाता है कि मंच से चिराग पासवान मुजफ्फरपुर के 11 विधानसभा सीट में से दो सीट पर अपनी दाबेदारी भी एनडीए के लिए पेश करेंगे।

कांटी व गायघाट सीट पर तैयारी भी है शुरू

कांटी और गायघाट सीट पर लोजपा (रामविलास) दाव ठोक सकती है। बताया जाता है कि इन दोनों सीट पर लोजपा (रामविलास) ने तैयारी भी शुरू कर दी है। बीते विधानसभा चुनाव में गायघाट से लोजपा उम्मीदवार मैदान में भी थी। वहीं कांटी का सीट जदयू के हिस्सें में है। कांटी में जदयू तीसरे स्थान पर रही थी। गायघाट सीट लोजपा बीते विस चुनाव में नहीं निकाल सकी थी। यहां भी उम्मीदवार को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा था।

चिराग की सभा को लेकर दंडाधिकारी की हुई तैनाती

एमआइटी में प्रस्तावित नव-संकल्प महासभा को लेकर जिला प्रशासन ने सभा स्थल से लेकर दादर पुल तक दंडाधिकारी की तैनाती की है। इसे लेकर डीएम सुब्रत कुमार सेन ने निर्देश जारी किया है। इसमें कहा है कि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान जेड श्रेणी की सुरक्षा में आते हैं। विधि व्यवस्था को लेकर यातायात व रूटचार्ट की जिम्मेवारी अपर जिला परिवहन पदाधिकारी विवेक कुमार व डीएसपी यातायात मनोज चौधरी को दी गई है। इसके अलावा अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी व पश्चिमी के साथ एसडीपीओ मुजफ्फरपुर विधि व्यवस्था के प्रभार में होंगे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.