मुजफ्फरपुर : बिहार में एक सूदखोर का इंसानियत को शर्मसार करने वाला कृत्य सामने आया। 10 हजार रुपये कर्ज नहीं चुकाने पर एक मां के आंचल से मात्र ढाई महीने की दुधमुंही बच्ची को लेकर गिरवी रख लिया। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और ढाई घंटे के अंदर उस सूदखोर से मां को बच्ची वापस दिलाया।

मुजफ्फरपुर जिले में नगर थानेदार शरत कुमार ने बताया कि सदर थाना के माधोपुर सुस्ता गांव की महिला की बच्ची को कर्ज के एवज में छीन लेने की सूचना मिलते ही तत्काल मां के साथ गश्ती दल को भेजा गया। पूछताछ में पता चला कि कर्ज के रुपये का तगादा होने पर मां ने ही बच्ची को रखा था।

कई लोगों के पास मां रुपये उधार लेने के लिए गई, लेकिन कहीं से रुपये का इंतजाम नहीं हुआ। इसके बाद मां रोते हुए थाने पर पहुंच गई। बच्ची वापस मिलने के बाद मां ने किसी तरह का केस दर्ज कराने से इनकार कर दिया। वह मुचलके पर बच्ची को लेकर खुशी-खुशी घर लौट गई।






Leave a Reply