दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले के सिमरी थाना क्षेत्र में हुई घटना ने राजनीतिक और सामाजिक माहौल को गरमा दिया है. सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के भोपुरा गांव निवासी रफीक उर्फ राजा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है.

पुलिस की बड़ी कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही दरभंगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने देर रात छापेमारी कर रफीक उर्फ राजा को उसके गांव से हिरासत में लिया.

सिमरी थाना में दर्ज हुआ था मामला
यह घटना बिठौली चौक पर कांग्रेस के एक मंच पर हुई, जहां रफीक ने कथित तौर पर प्रधानमंत्री को अपशब्द कहा था. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सिमरी थाना में कांड संख्या 243/25 दर्ज किया गया.

आरोपी से पूछताछ में जुटी पुलिस
बता दें कि पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की मंशा और परिस्थितियों का पता लगाया जा सके. पुलिस अधिकारियों ने साफ किया कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे उनकी कोई भी राजनीतिक संबद्धता हो.

सीएम नीतीश कुमार ने भी दी प्रतिक्रिया
इस घटना ने स्थानीय स्तर पर राजनीतिक हलचल को जन्म दे दिया है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दरभंगा में मतदाता अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ अभद्र भाषा के इस्तेमाल की कड़ी निंदा की है. उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां न केवल अनुचित हैं, बल्कि राजनीतिक मर्यादा को भी ठेस पहुंचाती हैं.
सचिन पायलट ने अभद्र टिप्पणी पर की निंदा
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने दरभंगा में महागठबंधन के एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी वाले वायरल वीडियो की कड़ी निंदा की है. उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी का इस टिप्पणी से कोई संबंध नहीं है, क्योंकि उनकी मतदाता अधिकार यात्रा उस समय आगे बढ़ चुकी थी. पायलट ने कहा कि सभ्य और सौम्य राजनीति में ऐसी भाषा का कोई स्थान नहीं है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस, महात्मा गांधी की विचारधारा वाली पार्टी, ऐसी टिप्पणियों का कभी समर्थन नहीं करती और न ही भविष्य में करेगी.

‘राहुल गांधी मांगे माफी’
आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल होने पर बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव रितुराज सिन्हा ने राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की है. सिन्हा ने कहा कि यदि राहुल गांधी माफी नहीं मांगते हैं, तो उन्हें बिहार की पवित्र भूमि को तुरंत छोड़ देना चाहिए. उन्होंने बिहार की संस्कृति को अश्लीलता से दूर बताया और कहा कि यहां के लोग ऐसी भाषा बर्दाश्त नहीं करते. बता दें कि इस घटना के बाद बीजेपी ने पटना के कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई है.



Leave a Reply