बिहार : वोटर अधिकार यात्रा के दौरान बिहार की राजनीति में बयानबाज़ी का पारा चढ़ गया। पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने शुक्रवार को भाजपा, एनडीए गठबंधन और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि “चुनाव आयोग का दफ्तर अब भाजपा और आरएसएस के गुंडों की तरह काम कर रहा है।”

मुंगेर पहुंचे पप्पू यादव ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा केवल विपक्षी दलों को ही नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सत्ता पाने के लिए हर हथकंडा अपनाती है। आज हालत यह है कि भाजपा की धूर्तता और दुष्टता से नीतीश कुमार का राजनीतिक और वैचारिक ह्रास हुआ है।

उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा वोट की राजनीति के लिए नहीं है, बल्कि “जनता के सम्मान और वोट की चोरी को रोकने की लड़ाई” है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले चुनावों में महाराष्ट्र, कर्नाटक और बंगाल तक में धांधली के सवाल उठे हैं। यहां तक कि भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन गडकरी ने भी कहा था कि उनके क्षेत्र में साढ़े तीन लाख वोटरों के नाम काट दिए गए, जिनमें उनके परिवार के लोग भी शामिल थे।







Leave a Reply