MUZAFFARPUR

विपक्ष के ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के बीच बिहार को मिलेगा पीएम नरेंद्र मोदी का मेगा पैकेज, निशाने पर होंगे राहुल-तेजस्वी

पटना : राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ से गरमाए सियासी माहौल के बीच पीएम नरेंद्र मोदी का बिहार दौरा बेहद अहम माना जा रहा है. एक तरफ विपक्ष चुनाव आयोग पर हमलावर है तो दूसरी तरफ पीएम मोदी 13,000 करोड़ से अधिक की सौगात बिहार को देने जा रहे हैं. पीएम मोदी का यह दौरा चुनावी समीकरणों पर सीधा असर डाल सकता है.

सिमरिया पुल का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 अगस्त को सिमरिया पुल का उद्घाटन करेंगे जो उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है. इस पुल का निर्माण मोदी सरकार के कार्यकाल में शुरू हुआ और अब पूरा हुआ है. यह प्रोजेक्ट बिहार के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है.

बुद्धिस्ट सर्किट को बढ़ावा और नई ट्रेनों की सौगाता

गया से दिल्ली तक अमृत भारत एक्सप्रेस की शुरुआत होगी. इसके अलावा वैशाली से कोडरमा तक बुद्धिस्ट सर्किट के तहत ट्रेन सेवा शुरू की जाएगी. बख्तियारपुर-मोकामा एच-31 सड़क का भी उद्घाटन किया जाएगा.

बक्सर को मिलेगा 660 मेगावाट का पावर प्लांट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बक्सर थर्मल पावर प्लांट का उद्घाटन करेंगे जिसकी लागत 6880 करोड़ है. यह प्लांट बिहार को 660 मेगावाट बिजली देगा जिससे राज्य की बिजली समस्या में कमी आएगी.

कैंसर हॉस्पिटल का उद्घाटन 

मुजफ्फरपुर में होमी जहांगीर भाभा कैंसर हॉस्पिटल का उद्घाटन होगा. तिरहुत क्षेत्र के लोगों को अब कैंसर इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा. बिहार में यह प्रोजेक्ट स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए गेम चेंजर साबित होगा.

12000 घरों की सौंपेंगे चाबी

प्रधानमंत्री 12,000 जरूरतमंदों को घर की चाबी सौंपेंगे. मुंगेर में 520 करोड़ की लागत से बनने वाले एसटीपी प्लांट का उद्घाटन होगा. साथ ही दाउदनगर और जहानाबाद में 1260 करोड़ की लागत से एसटीपी प्लांट यानी ‘सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट’ की आधारशिला रखी जाएगी. इन प्रोजेक्ट से गंगा स्वच्छ होगी.

पीएम के निशाने पर राहुल गांधी
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पीएम मोदी का यह दौरा विपक्ष की वोटर अधिकार यात्रा का जवाब माना जा रहा है. पीएम राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार कर सकते हैं और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर स्थिति स्पष्ट कर सकते हैं.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.