MUZAFFARPUR

नीतीश की राजनीति और जेडीयू का पिंडदान करने गयाजी आ रहे मोदी, बोले लालू यादव

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गयाजी दौरे को लेकर सियासी तापमान चढ़ गया है. आरजेडी प्रमुख लालू यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ तीखा हमला बोला है. उन्होंने तंज कसते हुए पीएम के दौरे को जुमलेबाजी और राजनीतिक ड्रामे का हिस्सा बताया है.

 

लालू का तंज ‘पिंडदान करने आ रहे पीएम’

 लालू प्रसाद यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो साझा कर पीएम मोदी पर कटाक्ष किया. उन्होंने कहा कि गयाजी पिंडदान के लिए प्रसिद्ध है और पीएम वहां नीतीश कुमार की राजनीति और उनकी पार्टी जेडीयू का “पिंडदान” करने आ रहे हैं.

लालू यादव का केंद्र सरकार पर आरोप

लालू ने केंद्र सरकार पर बिहार को विशेष राज्य का दर्जा न देने, गरीबों और पिछड़ों के अधिकारों को कमजोर करने और संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने डबल इंजन सरकार को बिहार में गरीबी और अपराध बढ़ाने का जिम्मेदार ठहराया है.

तेजस्वी ने लगया झूठ और जुमले का आरोप

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी पीएम मोदी के दौरे पर निशाना साधते हुए इसे “झूठ और जुमलों की दुकान” करार दिया. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक गाना शेयर किया, जिसमें पीएम पर झूठे वादों और जुमलेबाजी का आरोप लगाया गया. तेजस्वी ने पीएम से 11 साल की उनकी सरकार और नीतीश कुमार की 20 साल की सरकार का हिसाब मांगा.

आरजेडी जनता के मुद्दे उठाने में जुटी

आरजेडी ने पीएम के दौरे को लेकर आक्रामक रुख अपनाया है. पार्टी का कहना है कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार ने बिहार को विकास के मामले में पीछे धकेल दिया है. लालू और तेजस्वी दोनों ने बिहार की बदहाल अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी और अपराध को मुद्दा बनाते हुए जनता से एनडीए सरकार को घेरने की अपील की है. आरजेडी का यह हमला चुनाव से पहले मतदाताओं को अपनी ओर खींचने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.

पीएम का बिहार दौरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को गयाजी और बेगूसराय के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे बोधगया में एक सभा को संबोधित करेंगे और लगभग 13 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे. इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ-साथ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के कई प्रमुख नेता भी मौजूद रहेंगे. पीएम का यह दौरा आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बिहार में एनडीए की स्थिति मजबूत करने की कवायद माना जा रहा है.

चुनावी माहौल में बढ़ती सियासी सरगर्मी

बिहार में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. पीएम मोदी के लगातार बिहार दौरे और विकास परियोजनाओं के ऐलान को एनडीए की ओर से अपनी उपलब्धियां गिनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है. दूसरी ओर, आरजेडी इन दौरों को जुमलेबाजी करार देकर जनता के बीच सरकार की कथित नाकामियों को उजागर करने में जुटी है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.