किशनगंज: स्वच्छ और भ्रष्टाचार मुक्त राजनीति की बात करने वाले जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर किशनगंज के बेलवा में जनसभा को संबोधित करते हुए शब्दों की मर्यादा भूल गए. उन्होंने खुलेआम बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिलीप कुमार जायसवाल को मंच से धमकी दे डाली. साथ ही अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किया.

‘दौड़ा-दौड़ा कर मारा जाएगा’
सभा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि किशनगंज में मेडिकल कॉलेज पर कब्जा करने वाले को छोड़ेंगे नहीं. उन्होंने कहा कि अपने को बहुत बाहुबली समझता है. पटना से खदेड़े हैं तो किशनगंज भागा है. प्रशांत किशोर ने राजनैतिक मर्यादा का उल्लंघन करते हुए कहा कि तीन महीना रुकिए दौड़ा दौड़ा कर मारा जाएगा.

‘7 दिन के अंदर खोलेंगे काला चिट्ठा’- PK
वहीं पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने भाजपा के प्रदेश स्तर के एक बड़े नेता का 7 दिन के अंदर काला चिट्ठा खोलने का दावा किया है. दरअसल सदर प्रखंड के बेलवा में एक जनसभा को संबोधित करने के बाद पत्रकार वार्ता के दौरान प्रशांत किशोर ने मीडिया को बताया कि भाजपा के कई नेता का काला चिट्ठा खोल चुके हैं, अब भाजपा का एक बड़े नेता का काला चिट्ठा 7 दिन के अंदर खोलेंगे. हालांकि प्रशांत किशोर से उक्त भाजपा नेता का नाम पूछने पर कहा कि 7 दिन का इंतजार कीजिए. फिर नाम के साथ काला चिट्ठा भी बताएंगे. उन्होंने बताया कि अब तक भाजपा के कई बड़े नेता का खुलासा कर चुके हैं लेकिन अब ये नेता उन लोगों से बड़ा है.

पहले भी लगा चुके हैं आरोप
पीके लगातार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल पर गंभीर आरोप लगा चुके हैं. उन्होंने पहले भी गैरकानूनी तरीके से एक अल्पसंख्यक कॉलेज पर कब्जा करने का आरोप लगाया था. हालांकि भाजपा ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया था.

मंगल पांडेय पर भी लगा चुके हैं आरोप
प्रशांत किशोर ने दिलीप जायसवाल के साथ ही बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय पर भी आरोप लगाए थे. उन्होंने कहा था कि मंगल पांडेय ने स्वास्थ्य मंत्री रहते हुए दिल्ली के द्वारका में पत्नी के नाम 86 लाख का फ्लैट खरीदा है. पीके ने आरोप लगाते हुए कहा था कि मंगल पांडेय के पिता ने अपनी बहू के अकाउंट में 30 लाख भेजा था. उससे पहले बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने 2019 को अपने अकाउंट से 25 लाख मंगल पांडेय के पिता को भेजा था.





Leave a Reply