नालंदा: बिहार के ऐतिहासिक शहर राजगीर में आयोजित होने वाले हीरो एशिया कप हॉकी 2025 की तैयारियां जोरों पर हैं. 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने टूर्नामेंट के आधिकारिक शुभंकर ‘चांद’ और ट्रॉफी का भव्य अनावरण किया. इस अवसर पर उन्होंने ट्रॉफी गौरव यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो बिहार के सभी जिलों के साथ-साथ अन्य राज्यों से होकर गुजरेगी.

बिहार के लिए गौरव का क्षण
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में पहली बार आयोजित होने वाला यह प्रतिष्ठित पुरुष हॉकी टूर्नामेंट राज्य के लिए गौरव का विषय है. यह आयोजन न केवल बिहार की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल आयोजन की क्षमता को प्रदर्शित करेगा, बल्कि पर्यटन, कला और संस्कृति के क्षेत्र में भी राज्य की वैश्विक छवि को मजबूत करेगा.

कब से शुरू हो रहा मुकाबला
राजगीर खेल परिसर में 29 अगस्त से 7 सितंबर 2025 तक पुरुष एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा. इसके लिए राजगीर खेल परिसर में विश्वस्तरीय हॉकी स्टेडियम सहित कई खेलों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं.

‘चांद’ हॉकी के जादूगर का प्रतीक
हीरो एशिया कप 2025 का शुभंकर ‘चांद’ भारत के राष्ट्रीय पशु बाघ से प्रेरित है, जो साहस, स्फूर्ति और कौशल का प्रतीक है. इसका लाल लबादा शक्ति और उत्साह को दर्शाता है, जबकि जादूगर की टोपी हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित करती है. ‘चांद’ का नाम मेजर ध्यानचंद से प्रेरित है, जिन्होंने चांदनी रातों में अभ्यास कर हॉकी में इतिहास रचा. यह शुभंकर बिहार के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के बाघ से भी प्रेरणा लेता है.

मेजर ध्यानचंद की जयंती शुरू होगा टूर्नामेंट
29 अगस्त, राष्ट्रीय खेल दिवस और मेजर ध्यानचंद की जयंती से शुरू होने वाला यह टूर्नामेंट हॉकी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा. इसमें भारत, चीन, जापान, चीनी ताइपे, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, ओमान और बांग्लादेश की टीमें हिस्सा लेंगी. विजेता टीम हॉकी विश्व कप के लिए सीधे क्वालीफाई करेगा.

हॉकी के प्रति जन-जन में उत्साह जगाने के लिए 17 अगस्त से शुरू होने वाली ट्रॉफी गौरव यात्रा बिहार के सभी जिलों के साथ-साथ चेन्नई, चंडीगढ़, दिल्ली, ओडिशा, असम और झारखंड से होकर गुजरेगी. इसका उद्देश्य युवाओं में हॉकी के प्रति रुचि बढ़ाना और इस ऐतिहासिक आयोजन में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है.




Leave a Reply