पटना: निर्वाचन आयोग के द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर पूरा विपक्ष लगातार सवाल खड़ा कर रहा है. तेजस्वी यादव के दो ईपिक नंबर की बात सबसे पहले सामने में आई थी. उसके बाद बिहार के कई नेताओं के ईपिक नंबर को लेकर तेजस्वी यादव सवाल उठा चुके हैं.

‘वीणा देवी का दो ईपिक नंबर’- तेजस्वी
ताजा मामला वैशाली की सांसद वीणा देवी और उनके पति जदयू के विधान पार्षद दिनेश सिंह का है. तेजस्वी यादव ने एलजेपीआर की वैशाली की सांसद वीणा देवी और उनके पति दिनेश सिंह के दो ईपिक नंबर जारी करते हुए सवाल पूछा है कि आखिर यह क्या है.
तेजस्वी यादव ने क्या कहा?
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने निर्वाचन आयोग पर बड़ा आरोप लगाया है. उन्होंने देर रात सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट करते हुए कहा कि एनडीए सांसद वीणा देवी, जो वैशाली से एनडीए की सांसद हैं, उनका दो अलग-अलग विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में वोटर लिस्ट में नाम है. साथ ही तेजस्वी यादव ने दोनों ईपिक नंबर भी साझा किए हैं.

‘वीणा देवी दो जिलों की मतदाता’
तेजस्वी यादव ने वीणा देवी के दो ईपिक नंबर के बारे में जानकारी देते हुए लिखा है कि इनके दो अलग-अलग विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में दो अलग वोट हैं. वीणा सिंह का वैशाली के साहिबगंज विधानसभा क्षेत्र और मुजफ्फरपुर जिले के मुजफ्फरपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची में नाम है.
SIR के फार्म पर सवाल
तेजस्वी यादव ने वीणा देवी पर आरोप लगाया है कि दो अलग-अलग ईपिक कार्ड में इनकी दो अलग-अलग उम्र है. 𝐒𝐈𝐑 में इन्होंने दो अलग-अलग गणना फॉर्म भरी है. मतदाता सूची पुनरीक्षण में इन्होंने दो अलग-अलग फॉर्म पर दो अलग-अलग साइन किए होंगे. इन दो अलग-अलग फॉर्म पर चुनाव आयोग ने साइन किए कि 𝐌𝐏 साहिबा ने ख़ुद साइन किए?

निर्वाचन आयोग की कार्यशाली पर सवाल
तेजस्वी यादव ने निर्वाचन आयोग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए लिखा है कि चुनाव आयोग द्वारा प्रकाशित नई ड्राफ्ट सूची में दो अलग-अलग 𝐄𝐏𝐈𝐂 𝐂𝐚𝐫𝐝 के साथ, दो अलग-अलग लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र, दो अलग-अलग विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र, दो अलग-अलग उम्र के साथ इनके दो अलग-अलग वोट कैसे बन गए? क्या यह चुनाव आयोग द्वारा बीजेपी-एनडीए को जिताने के लिए की गई धांधली, फर्जीवाड़ा और मिलीभगत नहीं है.
वीणा देवी को नोटिस देने की बात
तेजस्वी यादव ने निर्वाचन आयोग से पूछा है कि क्या बीजेपी का “𝐓𝐑𝐎𝐋𝐋 आयोग” बन चुका केंचुआ आयोग इनका 𝐅𝐚𝐜𝐭 𝐂𝐡𝐞𝐜𝐤 कर इन्हें दो जगह से दो अलग-अलग नोटिस देगा.

जेडीयू एमएलसी दिनेश सिंह पर सवाल
वहीं गुरुवार (14 अगस्त) को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जदयू के विधान पार्षद और वैशाली के सांसद वीणा सिंह के पति दिनेश सिंह के दो ईपिक नंबर पर सवाल उठाया है. तेजस्वी यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि नीतीश कुमार के खास 𝐌𝐋𝐂 श्री दिनेश सिंह का ‘वोट घोटाला’ उजाागर

उन्होंने आगे लिखा है, ‘ दिनेश सिंह लंबे समय से जदयू के विधानपार्षद हैं. इनके पास एक दो अलग अलग 𝐄𝐏𝐈𝐂 𝐈𝐃 – 𝐑𝐄𝐌𝟎𝟗𝟑𝟑𝟐𝟔𝟕 और 𝐄𝐏𝐈𝐂 𝐈𝐃- 𝐔𝐓𝐎𝟏𝟏𝟑𝟒𝟓𝟐𝟕 है. इनके दो अलग-अलग जिलों के दो अलग-अलग लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में दो अलग-अलग वोट है. इनके दो अलग अलग विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में दो अलग-अलग वोट है. दिनेश कुमार सिंह का वैशाली के साहिबगंज विधानसभा क्षेत्र एवं मुजफ्फरपुर जिले के मुजफ्फरपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची में नाम है.
दो जगह वोट देने का आरोप
तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में लिखा है कि चुनाव आयोग द्वारा प्रकाशित नई ड्राफ्ट सूची में दो अलग अलग 𝐄𝐏𝐈𝐂 𝐂𝐚𝐫𝐝 के साथ, दो अलग-अलग लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र, दो अलग-अलग विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में इनके दो अलग अलग वोट कैसे बन गए? क्या मुख्यमंत्री के खास होने के कारण चुनाव आयोग ने इनके दो वोट बनने दिए? ये वैशाली सांसद वीणा देवी के पति हैं. इनकी सांसद पत्नी के भी दो वोट और दो 𝐄𝐏𝐈𝐂 𝐈𝐃 है. क्या यह 𝐄𝐂 द्वारा 𝐍𝐃𝐀 को जिताने के लिए की गई चुनावी धांधली नहीं है?

दिनेश सिंह को नोटिस देने की बात
क्या चुनाव आयोग SIR में की जा रही अपनी गड़बड़ियों और ग़लतियों को स्वीकार करेगा? क्या चुनाव आयोग श्री दिनेश सिंह को दो जगह से दो अलग-अलग नोटिस देगा?
तेजस्वी के पास दो ईपिक
निर्वाचन आयोग के SIR के पहले चरण पूरा होने के बाद तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना नाम मतदाता सूची में नहीं होने की बात कही थी उसी के बाद यह पता चला था कि तेजस्वी यादव का दो ईपिक नंबर है. इसको लेकर सत्ताधारी दल लगातार तेजस्वी यादव पर दो ईपिक नंबर रखने का आरोप लगा रहे थे. निर्वाचन आयोग से उन पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे. इसके बाद लगातार तेजस्वी यादव, एनडीए और भाजपा के नेताओं के दो ईपिक नंबर जारी करते आ रहे हैं.

विजय सिन्हा का दो ईपिक नंबर
तेजस्वी यादव ने बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के दो एपिक नंबर एवं दो विधानसभा क्षेत्र के मतदाता होने की बात उठाई थी. तेजस्वी यादव के आरोप के बाद निर्वाचन आयोग ने विजय कुमार सिन्हा को नोटिस जारी किया था. जिस पर विजय कुमार सिन्हा ने एक जगह से अपना नाम काटने का फॉर्म भरने की बात कही थी बाद में उनका नाम पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से हटा दिया गया था.



Leave a Reply