समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर में मरे हुए बच्चे को जिंदा करने के नाम पर सदर अस्पताल में तंत्र-मंत्र का खेल खेला गया। मोहिउद्दीननगर से सांप काटने के बाद मृत किशोर का शव पोस्टमॉर्टम के लिये लाया गया था। इस बीच झार-फूंक करने वाला एक भगत पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंच गया। घटना सोमवार की देर रात को सदर अस्पताल में देखने को मिली। उसने यह दावा किया कि मरे हुए किशोर को वह जिंदा कर देगा। इसके बाद मुर्दे को जिंदा करने का खेल शुरू हुआ।

लोग हतप्रभ होकर उसके तमाशे को देखते रहे। इस दौरान झार-फूंक कर रहे भगत का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल होते रहा। मिली जानकारी के अनुसार मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के राजा जान गांव निवासी रंजीत पासवान के पुत्र झामन कुमार (15) की सांप काटने से मौत हो गई थी। परिजन व पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाए थे। इसी दौरान अस्पताल परिसर में हेलमेट पहनकर पहुंचे एक भगत ने दावा किया कि वह मृत किशोर को जिंदा कर सकता है।

मोहिउद्दीननगर के ही रहने वाले भगत अखिलेश कुमार राय ने पोस्टमार्टम कक्ष के सामने करीब आधे घंटे तक तंत्र-मंत्र, झाड़-फूंक और ‘कोड़ा’ चलाकर किशोर को जिंदा करने का प्रयास किया। वह कभी बच्चे की छाती पर हाथ रखकर धड़कन टटोलता, तो कभी नब्ज जांचता। इस दौरान उसका एक साथी किशोर के पैरों के तलवे दबाता रहा। परिजन टकटकी लगाए इस चमत्कार की उम्मीद में खड़े रहे, जबकि अस्पताल में मौजूद लोग उत्सुकता से तमाशा देखने लगे।

करीब 30 मिनट तक कोशिश करने के बाद भगत ने हाथ जोड़कर परिजनों से माफी मांगी और कहा की बच्चे की मौत को कई घंटे हो चुके हैं, इसलिए मैं उसे नहीं बचा सका। भगत ने बताया कि अगर सुबह उसे डॉक्टर के द्वारा ड्रिप नहीं लगाया जाता तो उसके पास 24 घंटे तक जिंदा करने का पावर था। जानकारी के मुताबिक, रविवार रात सोते समय झामन कुमार को सांप ने काट लिया था। परिजन उसे इलाज के लिए दलसिंहसराय ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस को सूचना मिलने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। इधर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉ. पी.डी. शर्मा ने स्पष्ट कहा कि जिस व्यक्ति की मौत हो चुकी हो, उसे जिंदा करना संभव नहीं है। भगत मृतक के परिजनों को बेवकूफ बना रहा है। शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है।






Leave a Reply