मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर के कलमबाग चौक के निकट एक ज्वेलर्स के शो रूम के उद्घाटन में फिल्म अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के कार्यक्रम के कारण हुए जाम को लेकर रिपोर्ट नहीं देने पर काजीमोहम्मदपुर थानाध्यक्ष से स्पष्टीकरण पूछा गया है। अधिवक्ता सुधीर कुमार ओझा द्वारा दाखिल परिवाद को लेकर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने मंगलवार को यह स्पष्टीकरण पूछा है।

इस मामले की अगली सुनवाई 20 सितंबर को होगी। बता दें कि अधिवक्ता सुधीर कुमार ओझा ने आठ अक्टूबर को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के कोर्ट में परिवाद दाखिल किया था। इसमें कहा था कि सात अक्टूबर को कलमबाग चौक के निकट एक ज्वेलर्स के शो रूम के उद्घाटन पर फिल्म अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी को मुख्य अतिथि के तौर पर बुलाया गया था।

इसके लिए जानबूझकर कर कलमबाग चौक को दो घंटे तक जाम रखा गया था। प्रशासन की ओर से चौक के ट्रैफिक लाइटों को बंद करा दिया गया था। इसकी सूचना आम लोगों को नहीं दी गई थी। जिससे कि उन्हें भारी जाम का सामना करना पड़ा।

परिवाद की सुनवाई के क्रम में पिछले वर्ष 20 नवंबर को कोर्ट ने मामले की जांच कर एसएसपी के माध्यम से काजीमोहम्मदपुर थानाध्यक्ष से रिपोर्ट तलब किया था। इस वर्ष छह फरवरी व पांच जून को स्मार पत्र भी भेजा गया। इसके बाद भी काजीमोहम्मदपुर थानाध्यक्ष ने रिपोर्ट नहीं सौंपी।







Leave a Reply