MUZAFFARPUR

आज भी चौकी पर ही सोते हैं नीतीश कुमार, अशोक चौधरी ने बताया- सीएम के बेडरूम में बस 3 सामान

बिहार : जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के नेता और बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सादगी भरे जीवन को लेकर कहा है कि सीएम आवास में उनके बेडरूम में बस तीन सामान है और वो आज भी चौकी पर ही सोते हैं। चौधरी ने बताया कि नीतीश कुमार के कमरे में चौकी जैसा एक बिस्तर, दो प्लास्टिक की कुर्सी और एक अलमारी है। अशोक चौधरी ने एक इंटरव्यू में नीतीश कुमार के इकलौते बेटे के जन्मदिन पर भोज में जमीन पर बिठाकर पत्तल में खिलाने की कहानी भी सुनाई।

अशोक चौधरी ने यूट्यूब चैनल लाइव सिटीज से इंटरव्यू में कहा कि लालू प्रसाद यादव सत्ता में बने रहने के लिए किसी भी हद तक जा सकते थे। अगर मंत्रियों के बीच विभाग बांटने का नियम नहीं होता वो सारे विभाग अपने ही पास रख लेते। चौधरी ने हालांकि कहा कि लालू यादव बिहार की राजनीति को बहुत अच्छे से समझते हैं।
नीतीश की सादगी को लेकर सवाल पर उन्होंने बताया- “2017 या 2018 की बात है। उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। बुखार था। मैंने हाल-चाल जानने के लिए टेलीफोन किया तो बुला लिए। गया तो चौकी पर लेटे थे। चौकी जैसा बिस्तर है।” अशोक चौधरी ने बताया कि सीएम आवास के उनके बेडरूम में उस चौकी के अलावा दो प्लास्टिक की कुर्सी और एक आलमीरा है।
चौधरी ने कहा- “नीतीश राजनीति को सेवा भाव से देखते हैं। व्यक्तिगत लाभ के लिए राजनीति नहीं की। कुछ दिन पहले निशांत का जन्मदिन था। निशांत हनुमान मंदिर गए थे। वहां शायन से भेंट हुई तो उन्होंने शायन को जन्मदिन पर घर आमंत्रित किया और कहा कि शांभवी को लेकर आना।
शांभवी ने वहां से निकलकर मुझे फोन किया कि कोई आदमी ऐसे बड़ा नहीं होता है। मुख्यमंत्री आवास में बाल्टी में दाल-चावल और पत्तल पर नीचे बैठकर भोजन कराना। देश में किसी मुख्यमंत्री का परिवार अपने इकलौते बेटे का जन्मदिन ऐसे नहीं मनाता होगा।”

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.