MUZAFFARPUR

मुजफ्फरपुर में चेहल्लुम जुलूस में डीजे पर रहेगी रोक

मुजफ्फरपुर : चेहल्लुम को लेकर नगर थाने में सोमवार को शांति समिति की बैठक हुई। इस दौरान पर्व को आपसी सौहार्द और भाइचारे के माहौल में मनाने की अपील की गई। चेहल्लुम 15 अगस्त को मनाया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीओ पूर्वी अमित कुमार ने कहा कि जुलूस में डीजे बजाने पर पूरी तरह से रोक रहेगी। जुलूस की वीडियोग्राफी करायी जाएगी।

इसके साथ-साथ ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की जाएगी। बैठक में मौजूद शांति समिति के सदस्यों व जुलूस कमेटी के सदस्यों से शांति और सहयोग बनाए रखने की अपील की गई। एसडीओ ने बताया कि पुलिस प्रशासन पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह से तैयार है।

इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। बैठक में चेहल्लुम जुलूस के मार्गों, समय-सारणी और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि जुलूस के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। स्थानीय प्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्र में शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। असामाजिक तत्वों से बॉन्ड भरवाया जा रहा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.