MUZAFFARPUR

मुजफ्फरपुर : सॉफ्टवेयर के फेर में सूनी रही तीन हजार से अधिक भाइयों की कलाई

मुजफ्फरपुर : डाक विभाग का नया सॉफ्टवेयर अभी तक ठीक से काम नहीं कर रहा है। इसके कारण रक्षाबंधन पर जिले के तीन हजार से अधिक भाइयों की कलाई सूनी रह गई। प्रधान डाकघर के अलावा आरएमएस में 3200 से अधिक राखी वाले डाक पैकेटों का वितरण नहीं हो सका।

मुजफ्फरपुर प्रमंडल के प्रवर डाक अधीक्षक रास बिहारी राम ने बताया कि शुक्रवार और शनिवार को राखी डाक पत्रों और पैकेटों का मैनुअल वितरण कराया। इसके लिए सभी डाकियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया था। शनिवार को प्रधान डाकघर के अलावा शहर के दो और उप डाकघरों एमआईटी और रमना के माध्यम से करीब 478 राखी डाक का वितरण किया।

उन्होंने बताया कि आरएमएस में अटकी राखियों से जुड़े पैकेट और पत्रों को प्रधान डाकघर स्थित केंद्रीय डाक वितरण केंद्र नहीं भेजे जाने का कारण यह रहा कि नये वितरण प्रणाली में सॉफ्टवेयर हर पत्र या पैकेट के लिए ओटीपी सुविधायुक्त एक यूनिक आईडी जेनरेट करता है। लेकिन तकनीकी कारणों से एक सप्ताह से ऐसा संभव नहीं हो पा रहा है।

गौरतलब है कि इस महीने की दो तारीख को देश भर के अलावा उत्तर बिहार डाक परिमंडल के 12 प्रमंडलों में एक साथ सॉफ्टवेयर को बदला गया था। रविवार को इसे अधिकारित तौर पर रोल आउट करते हुए सोमवार से काम शुरू किया गया। लेकिन सर्वर मं आई तकनीकी खामियों के कारण बार बार काम बंद करना पड़ा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.