राजगीर: बिहार की ऐतिहासिक नगरी राजगीर में आज (शनिवार) से एशियन रग्बी अंडर-20 सेवेंस चैंपियनशिप का दो दिवसीय महाकुंभ शुरू हो गया है. यह पहली बार है, जब बिहार की धरती पर अंतर्राष्ट्रीय रग्बी मैच हो रहा है. इस टूर्नामेंट में 9 देशों की 16 पुरुष एवं महिला टीमें हिस्सा ले रही है, जिनके बीच मुकाबला शुरू हो गया है.

सेवेंस चैंपियनशिप में खेलेंगी ये टीमें
इस टूर्नामेंट के लिए पुरुष टीमों को पूल A और B में, जबकि महिला टीमों को पूल C और D में बांटा गया है. पुरुष वर्ग के पूल A में मेजबान भारत के साथ हांगकांग चीन, श्रीलंका और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) है. वहीं, पूल B में मलेशिया, उज्बेकिस्तान, चीन और कजाकिस्तान की टीमें है. महिला वर्ग के पूल C में चीन, नेपाल, उज्बेकिस्तान और श्रीलंका हैं, जबकि पूल D में भारत के साथ हांगकांग चीन, यूएई और कजाकिस्तान से है.

महिला वर्ग में रोमांचक शुरुआत
महिला वर्ग के एक्शन की शुरुआत 10:40 बजे पूल-C में नेपाल और उज्बेकिस्तान के मैच से हुई. इसके बाद 11:05 बजे इसी पूल में चीन और श्रीलंका आमने-सामने है. पूल-D में 11:30 बजे चीन का मुकाबला यूएई से होगा, जिसके बाद भारतीय महिला टीम 11:55 बजे कजाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला मैच खेलने उतरेगी.

दोपहर में होगा डबल एक्शन
दोपहर का सत्र एक बार फिर पुरुष टीमों के एक्शन से भरपूर रहेगा. 12:20 बजे पूल-A में चीन और यूएई भिड़ेंगे, जिसके बाद 12:45 बजे भारतीय पुरुष टीम का दूसरा मुकाबला श्रीलंका से होगा. पूल-B में 1:10 पर उज्बेकिस्तान का सामना कजाकिस्तान से और 1:35 पर मलेशिया का मुकाबला चीन से होगा.

यूएई से भारतीय महिला टीम का मुकाबला
दोपहर 2 बजे से महिला वर्ग के मैच फिर से शुरू होंगे, जिसमें 2:00 बजे पूल-C में नेपाल बनाम श्रीलंका तथा 2:25 बजे चीन बनाम उज्बेकिस्तान के बीच टक्कर होगी. पूल-D में 2:50 पर हांगकांग चीन और कजाकिस्तान तथा 3:15 पर भारतीय महिला टीम अपने दूसरे मैच में यूएई का सामना करेगी.

शाम के सत्र में होगा खास मुकाबला
शाम के सत्र में रोमांच अपने चरम पर होगा, जहां सभी टीमें अपने अंतिम लीग मैच खेलेंगी. पुरुषों के पूल-A में 3:40 पर श्रीलंका बनाम यूएई का मुकाबला होगा, जिसके बाद 4:05 बजे भारतीय टीम का सबसे कड़ा मुकाबला हांगकांग चीन से होगा. पूल-B में 4:30 पर चीन बनाम कजाकिस्तान तथा 4:55 पर मलेशिया बनाम उज्बेकिस्तान के बीच मैच खेला जाएगा.






Leave a Reply