सीतामढ़ी: केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह 8 अगस्त (शुक्रवार) को बिहार के सीतामढ़ जिला आ रहे हैं. यहां वो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ पुनौरा धाम में माता जानकी मंदिर की आधारशिला रखेंगे.

इसी बीच 8 अगस्त को जिले के सभी सरकारी-प्राइवेट विद्यालय, कोचिंग संस्थान और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे.

कल बंद रहेंगे सभी शैक्षणिक संस्थान
दरअसल पुनौरा धाम में बनने जा रहे माता जानकी मंदिर के आधारशिला कार्यक्रम को लेकर जिला दंडाधिकारी रिची पांडे ने पूरे जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत सरकारी-प्राइवेट विद्यालय, कोचिंग संस्थान और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के निर्देश दिए हैं.

डीएम ने जारी किया पत्र
जिला दंडाधिकारी ने एक पत्र भी जारी किया है. जिसमें उन्होंने लिखा है कि आधारशिला कार्यक्रम को लेकर संभावित भीड़ और जिले के अन्य मार्गों पर वाहनों का काफी दबाव रहेगा. जिससे स्कूली वाहनों को स्कूल जाने में काफी दिक्कत होगी. ऐसे में मैं 8 अगस्त को सभी शैक्षणिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाता हूं. 8 अगस्त के बाद पूर्व की तरह कोचिंग संस्थान, सरकारी-निजी विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन किया जाएगा.

50 एकड़ में बनेगा भव्य जानकी मंदिर
बता दें कि आधारशिला कार्यक्रम में देशभर के साधु-संतों को शामिल होने के लिए न्यौता दिया गया है. पुनौरा धाम में अयोध्या की तर्ज पर 50 एकड़ में लगभग 883 करोड़ की लागत से भव्य माता जानकी मंदिर बनाया जा रहा है.

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा मंदिर
जून 2025 में मंदिर परिसर के अंतिम डिजाइन का अनावरण किया गया था. जिसमें 151 फीट ऊंचा भव्य मंदिर का निर्माण होगा. इसके अलावा मंदिर परिसर में वाटिका, प्रदर्शनी केंद्र, पार्किंग और अन्य आधुनिक सुविधाएं शामिल हैं.

कल बिहार में होगी ‘दीपावली’
आधारशिला कार्यक्रम को लेकर बिहार के सभी मंदिर एवं धार्मिक स्थानों में कीर्तन एवं दीपोत्सव मनाने की तैयारी हो रही है.

खासतौर पर पुनौरा धाम में 51 हजार दीपों से परिसर को रोशन किया जाएगा. इस मौके पर वैदिक मंत्रों का पाठ और मठ-मंदिरों में पूजा का खास आयोजन होगा.



Leave a Reply