दरभंगा: बिहार के दरभंगा मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल (DMCH) में एक छात्र की हॉस्टल के मुख्य गेट पर हत्या कर दी गई है. बताया जा रहा है कि मृतक छात्र को उसके ही ससुर ने गोली मारकर मौत के घाट उतारा है. आरोपी ससुर बेटी से लव मैरिज (अंतरजातीय विवाह) करने पर नाराज था. वहीं, मौके पर मौजूद नर्सिंग के छात्रों ने आरोपी ससुर को पकड़कर बुरी तरह पीटा.

सेकेंड सेमेस्टर का छात्र था राहुल
मिली जानकारी के अनुसार मृतक छात्र की पहचान राहुल कुमार निवासी मधेपुरा जिला के रूप में हुई है. राहुल कुमार (मृतक) दरभंगा DMCH में बीएससी नर्सिंग के सेकेंड सेमेस्टर का छात्र था. इसी बीच राहुल कुमार (मृतक) का कॉलेज में फर्स्ट सेमेस्टर में पढ़ने वाली एक छात्रा के साथ प्रेम प्रसंग चलने लगा.

अंतरजातीय विवाह से नाराज था ससुर
कुछ दिन पहले राहुल कुमार (मृतक) और उक्त लड़की ने अंतरजातीय विवाह कर लिया था. अंतरजातीय विवाह से लड़की के पिता नाराज थे. जिससे मंगलवार को कॉलेज के गेट पर नाराज लड़की का पिता 2 बजे से इंतजार कर रहा था. वहीं, जब छुट्टी हुई तो राहुल कुमार और उसकी पत्नी दोनों साथ बाहर निकले, तभी लड़की के पिता ने राहुल की हत्या कर दी.

नाराज छात्रों ने किया धरना-प्रदर्शन
कॉलेज से निकल रहें छात्रों ने गोली की आवाज सुनते ही गोली मारकर भाग रहे आरोपी ससुर को पकड़कर जमकर पिटाई की. जिससे वह भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया. घटना के बाद आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने इमरजेंसी विभाग के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया. जिससे इमरजेंसी सेवाएं ठप रहीं.

भारी पुलिस बल तैनात
घटना की जानकारी मिलते ही बेंता थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और भारी संख्या में पुलिस को तैनात किया गया. वहीं, जब पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राओं को समझाने का प्रयास किया तो पुलिस की छात्रों से झड़प हो गई है.







Leave a Reply